UP Assembly Election 2022 : मिडिल क्लास और महिलाओं पर कांग्रेस का है जोर, यूपी के लिए जारी किया घोषणा पत्र

प्रियंका ने कहा कि 10 दिन के भीतर किसानों का पूरा कर्जा माफ किया जाएगा। 2500 रुपए क्विंटल धान-गेहूं की खरीद होगी और गन्ना मूल्य 400 रुपए क्विंटल होगा।बिजली का बिल हाफ किया जाएगा, बकाया माफ किया जाएगा। 20 लाख सरकारी रोजगार देंगे।

लखनऊ। कांग्रेस पार्टी का मानना है कि उत्तर प्रदेश की जनता एक ऐसी सरकार की हकदार है जो उनकी प्रगति और भलाई को अपने एजेंडे के केंद्र में रखे। प्रदेश की जनता को एक ऐसी राजनीतिक व्यवस्था चाहिए जो उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव ला सके। यूपी कांग्रेस का उन्नति विधान इसका रास्ता तैयार करेगा।

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस की ओर से अपना घोषणा पत्र जारी किया गया। कांग्रेस ने इससे उन्नति विधान का नाम दिया है। लखनऊ में प्रियंका गांधी ने प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू के साथ पार्टी का घोषणा पत्र जारी किया। प्रियंका गांधी ने कहा कि घोषणापत्र में शामिल वायदे लोगों से बात करने के बाद ही शामिल किए गए हैं। कांग्रेस के घोषणा पत्र में आवारा पशुओं से होने वाले नुकसान पर 3000 रुपये के मुआवजे देने की भी बात कही गई है। साथ ही साथ गो धन योजना के तहत गोबर को 2 रुपये किलो भी खरीदा जाएगा।

प्रियंका गांधी ने कहा कि उत्तर प्रदेश के किसानों का कर्ज माफ किया जाएगा। यह फैसला 10 दिनों के अंदर में ही लिया जाएगा। इसके अलावा सभी का बिजली बिल भी आधा कर दिया जाएगा। 12 लाख सरकारी पदों को भरने काफी लक्ष्य रखा गया है तथा 20 लाख लोगों को रोजगार देने का भी वादा किया गया है। सरकार बनने पर 10 लाख रुपए तक का इलाज मुफ्त रहेगा। इसके साथ ही नौकरियों में 40 फ़ीसदी महिलाओं को आरक्षण देने की भी बात कही गई है।

कांग्रेस के घोषणा पत्र के अनुसार स्कूल फीस को बढ़ने से रोका जाएगा तथा शिक्षकों के खाली दो लाख पद भी भरे जाएंगे। एडहॉक शिक्षकों, शिक्षामित्रों को अनुभव के अनुसार भी नियमित किया जाएगा। कांग्रेस के घोषणा पत्र में बेरोजगारी और महंगाई का भी मुद्दा रखा गया है। उन्नति विधान के मुताबिक कारिगरों-बुनकरों तथा पूर्व सैनिकों के लिए विधान परिषद में एक-एक सीट आरक्षित किया जाएगा। पत्रकारों के खिलाफ दर्ज मुकदमों को खत्म किए जाएंगे। दिव्यांग लोगों के लिए 3 हजार का मासिक पेंशन का वादा किया गया है। मुहिला पुलिसकर्मियों को उनके गृह जनपथ में पोस्टिंग की अनुमति दी जाएगी।