Vijyadashmi 2021 : पूरे देश में मनाया जा रहा है विजयदशमी, पीएम मोदी देश देंगे 7 कंपनियों की सौगात

आज 7 डिफेंस कंपनियां देश को समर्पित की जा रही हैं। म्यूनिशंस इंडिया लिमिटेड, आर्मर्ड वीकल्स निगम लिमिटेड, अडवांस्ड वेपन्स एंड इक्विपमेंट इंडिया लिमिटेड शामिल हैं। इसके अलावा ट्रूप्स कम्फर्ट्स लिमिटेड, यंत्र इंडिया लिमिटेड, इंडिया ऑप्टेल लिमिटेड और ग्लाइडर्स इंडिया लिमिटेड शामिल हैं।

नई दिल्ली। शुक्रवार को पूरे देश में विजयदशमी का त्योहार मनाया जा रहा है। राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री सहित देश के केंद्रीय नेता और समाजसेवी देशवासियों को बधाई दे रहे है।

अपनी शुभकामनाओं में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा कि विजया दशमी के शुभ अवसर पर, मैं सभी देशवासियों और विदेश में बसे हुए सभी भारतीयों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देता हूं। विजया दशमी को बुराई पर अच्छाई की विजय के प्रतीक के रूप में मनाया जाता है। यह त्योहार हमें नैतिकता, भलाई और सदाचार के रास्ते पर चलना सिखाता है। भगवान राम का व्यक्तित्व और मर्यादा-पुरुषोत्तम के रूप में उनका सम्यक् आचरण जन-जन के लिए एक आदर्श है।

उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने दशहरे देशवासियों को बधाई दी है। देश भर में पारंपरिक उल्लास और उत्साह के साथ मनाया जाने वाला दशहरे का पर्व ‘बुराई’ पर ‘अच्छाई’ की जीत का प्रतीक है। यह पर्व हमें भगवान श्रीराम के पवित्र, सदाचारी और नेक जीवन की याद दिलाता है और उनके द्वारा दिखाए गए नेकी के मार्ग को अपनाने हेतु हमारा मार्गदर्शन करता है।

दशहरा हमें यह याद दिलाने का अवसर है कि हमें लगातार आसुरी शक्तियों का दमन करने और अच्छाई तथा सद्भाव को बढ़ावा देने की जरूरत है। मेरी यह कामना है कि यह पर्व देश में शांति, समरसता और समृद्धि लेकर आए।
वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्विटर पर अपना संदेश साझा किया है।

सबसे खास बात यह है कि नरेंद्र मोदी विजयदशमी के मौके पर देश को 7 नई डिफेंस कंपनियां समर्पित करेंगे। पीएम कार्यालय की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक ऑर्डिनेंस फैक्ट्री बोर्ड को सरकार की 100 फीसदी हिस्सेदारी वाली 7 डिफेंस कंपनियों में तब्दील करने का फैसला लिया गया है। देश को रक्षा संसाधनों के मामले में आत्मनिर्भर बनाने के मकसद से यह फैसला लिया गया है। पीएमओ ने कहा कि इस फैसले से देश में आयुध निर्माण की दिशा में लगी कंपनियों को स्वायत्ता मिलेगी और उनकी क्षमता में इजाफा होगा।