दिल्ली नगर निगम चुनाव के लिए हो रही है वोटिंग, लोगों की ये है प्रतिक्रिया

दिल्ली नगर निगम के 250 वार्डों के लिए मतदान शुरू हुआ।

नई दिल्ली। आज रविवार को सुबह 7 बजे से दिल्ली नगर निगम चुनाव के लिए 250 वार्डों में वोटिंग चल रही है। मतदान केंद्रों पर लोगों का उत्साह देखा जा रहा है। काफी संख्या में ऐसे युवा हैं, जो पहली बार अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं।

पहली बार मतदान करने वाली एक छात्रा सोनम ने कहा कि मैं आज पहली बार मतदान करने आई हूं, इसे लेकर मैं उत्साहित हूं। जितना ज़रूरी इस देश में रहना है उतना ही ज़रूरी हमें देश को और बेहतर करने की दिशा में मतदान करना है। मेरे लिए महिला सुरक्षा,सफाई,सड़के बनवाना यह प्राथमिकता है।

वहीं, मीडिया से बात करते हुए दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि 1.5 करोड़ लोग निगम के लिए अपनी सरकार चुनेंगे। MCD का काम है दिल्ली का कूड़ा साफ करना,व्यापारियों को इमानदारी से लाइसेंस देना,गलियां बनवाना,पार्कों की सफाई करनवाना है।आप अपना वोट यह सोच कर दें कि आप वोट दिल्ली को साफ,स्वच्छ रखने के लिए दे रहे हैं।

MCD चुनाव में वोट डालने के बाद कांग्रेस नेता अजय माकन ने कहा कि ये चुनाव गलियों, कूड़े, नालियों और साफ-सफाई का चुनाव है, मुझे लगता है कि कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी सबसे बेहतरीन हैं। पिछली बार हमे 24% वोट मिले थे और हमने 31 सीटें जीती थी। 2019 में भी हमें 22-23 % वोट मिले थे।