BJP पर क्या होगा असर, जब Congress और AAP मिलकर लड़ेगी चुनाव

जानकारी के मुताबिक AAP के उम्मीदवार नई दिल्ली, दक्षिणी दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली और पूर्वी दिल्ली में चुनाव लड़ेंगे, जबकि चांदनी चौक, उत्तर पूर्वी दिल्ली और उत्तर पश्चिम दिल्ली में कांग्रेस के उम्मीदवार चुनाव लड़ेंगे।


नई दिल्ली।
कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (AAP) का चुनावी तालमेल हो गया है। लोकसभा चुनाव के लिए दोनों पार्टी ने आपस में सीटों का बंटवारा कर लिया है। कांग्रेस और AAP ने आगामी लोकसभा चुनाव 2024 के लिए सीट बंटवारे की घोषणा की। कांग्रेस महासचिव और सांसद मुकुल वासनिक ने कहा, “गुजरात में 26 लोकसभा सीटें हैं। कांग्रेस 24 पर चुनाव लड़ेगी। 2 सीटों – भरूच और भावनगर पर AAP के उम्मीदवार होंगे।”कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) ने लोकसभा चुनाव से कुछ हफ्ते पहले शनिवार को दिल्ली, गुजरात, हरियाणा और चंडीगढ़ के लिए सीट बंटवारे की घोषणा की। आप-कांग्रेस सीट-बंटवारे समझौते के अनुसार, केजरीवाल की पार्टी दिल्ली में चार, भरूच और भावनगर सहित गुजरात में दो लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। कांग्रेस दिल्ली में तीन, हरियाणा में नौ, गुजरात में 24 और चंडीगढ़ सीट पर भी चुनाव लड़ेगी। हरियाणा में आम आदमी पार्टी कुरूक्षेत्र सीट पर चुनाव लड़ेगी। गोवा में कांग्रेस दोनों सीटों पर चुनाव लड़ेगी।

AAP और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे पर कांग्रेस महासचिव मुकुल वासनिक ने कहा, “AAP और कांग्रेस उन सभी जगहों पर एक साथ चुनाव अभियान में शामिल होंगे जहां दोनों पार्टियों के उम्मीदवार और INDIA गठबंधन के अन्य दलों के उम्मीदवार चुनाव लड़ेंगे।”

दिल्ली की मंत्री आतिशी ने कहा, “AAP शुरु से ही INDIA गठबंधन का एक महत्वपूर्ण स्तंभ रहा है। हम INDIA गठबंधन की सफलता के लिए काम करते आए हैं…कांग्रेस से बातचीत में और सीट बंटवारे में समय लगा लेकिन AAP शुरु से ही यह स्पष्ट करती आई है कि हम INDIA गठबंधन का हिस्सा हैं और हम साथ में चुनाव लड़ेंगे…”

दिल्ली के मंत्री और AAP नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा, “हमारी कई राज्यों में कांग्रेस के साथ गठबंधन की आज घोषणा हुई है। दिल्ली में AAP 4 सीटों पर लड़ेगी और कांग्रेस 3 सीटों पर लड़ेगी। हरियाणा में AAP एक सीट पर लड़ेगी, बाकि सीटों पर कांग्रेस लड़ेगी। गुजरात में AAP 2 सीटों पर लड़ेगी और बाकि सीटों पर कांग्रेस लड़ेगी। चंडीगढ़ और गोवा की सभी सीटों पर कांग्रेस लड़ेगी…पंजाब में कांग्रेस और AAP स्वतंत्र रूप से चुनाव लड़ेंगी…”

AAP सांसद संदीप पाठक ने कहा, “हर राज्य की अपनी राजनीतिक परिस्थिति है, और परिस्थितियों को देखकर चुनाव जीतने के उद्देश्य से ये बनाया गया है…. INDIA गठबंधन का जन्म देश को जिताने के लिए हुआ है, देश की जनता को जिताने के लिए हुआ है किसी को हराने के लिए नहीं हुआ है…”

2014 और 2019 में हुए पिछले दो लोकसभा चुनावों में, भाजपा ने 50 प्रतिशत से अधिक वोट शेयर के साथ राष्ट्रीय राजधानी की सभी सात सीटें जीतीं। दोनों पार्टियों के बीच तालमेल तब बिगड़ गया जब अरविंद केजरीवाल की पार्टी ने घोषणा की कि वह पंजाब और चंडीगढ़ की सभी 14 लोकसभा सीटों पर अकेले चुनाव लड़ेगी। आप ने असम में तीन सीटों पर चुनाव लड़ने का एकतरफा फैसला सुनाया है और गोवा में एक लोकसभा सीट के लिए अपने उम्मीदवार का नाम भी घोषित कर दिया है।