आगरा। महिलाओं का सम्मान देने की परंपरा हमारे समाज में पुरानी रही है। महिला विमर्श के लिए 8 मार्च का दिन हर साल अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के रूप में मानाया जाता है। इस दिन कई प्रकार के आयोजन होते हैं। उत्तर प्रदेश में इस दिन एक नई बात देखने को मिलेगी। महिलाएं 8 मार्च को विश्व धरोहर की मिसााल और प्रेम के प्रतीक के रूप में ख्यात ताजमहल का दीदार निशुल्क कर पाएंगी।
असल में, भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) ने यह घोषणा की है। उम्मीद है कि इस घोषणा का लाभ हजारों महिलाओं को हो सकता है। एएसआई के संयुक्त महानिदेशक (स्मारक) एम नांबिराजन की ओर से शनिवार को कहा गया है कि हमने निर्णय लिया है कि इस बार महिला दिवस के अवसर पर भारत ही नहीं, बल्कि विदेश से आने वाली महिलाओं के लिए भी ताजमहल में निःशुल्क प्रवेश दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि सोमवार केा किसी भी महिला को प्रवेश के लिए कोई टिकट नहीं खरीदनी होगी।
बता दें कि कोरोना काल में जैसे जैसे स्थिति सामान्य हो रही है, पर्यटक ताजमहल देखने के लिए आ रहे हैं। बताया जाता है कि जनवरी महीने में यहां पर्यटकों की संख्या बेहद अच्छी रही थी। यूं तो ताजमहल को पर्यटकों के लिए बीते साल के सितंबर में ही खोल दिया गया था। मगर दिसंबर तक पर्यटकों की संख्या में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ था। जनवरी आते ही पर्यटक ताजमहल देखने के लिए आने लगे। एएसआई की ओर से कहा गया है कि जनवरी के महीने में 2.50 लाख से अधिक भारतीय पर्यटक आए, जबकि 1,380 विदेशी पर्यटकों ने ताजमहल देखा। ताजमहल में कुल 464 फोटोग्राफर मौजूद हैं, जिनके पास लाइसेंस है। वहीं ये सभी लोग स्लॉट वाइज काम कर रहे हैं। इसका अर्थ यह है कि एक दिन 232 फोटोग्राफर आते हैं, तो वहीं अगले दिन बाकी।