पटना। चक्रवात यास (Cyclone Yaas) की असर अब पश्चिम बंगाल और ओडिशा के बाद झारखंड और बिहार में अधिक हो रहा है। इस बात की सूचना मौसम विभाग की ओर से भी दे दी गई है। इन दोनों राज्यों में लगातार बारिश और तेज हवाएं चल रही हैं। मौसम विभाग के मुताबिक पिछले छह घंटे के दौरान दक्षिण झारखंड एवं इससे सटे उत्तर सुदूर ओडिशा से सात किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है। यह दक्षिण झारखंड और इसके आस-पास 22.7 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 85.5 डिग्री पूर्वी देशांतर के पास जमशेदपुर से लगभग 70 किमी पश्चिम-दक्षिण पश्चिम और रांची से 70 किमी दक्षिण दक्षिण-पूर्व में केंद्रित है।
मौसम विभाग (IMD) केंद्र पटना के निदेशक विवेक सिन्हा ने कहा कि हमारा अनुमान है कि पूरे राज्य में हल्के से मध्यम स्तर की बारिश (heavy rain) होगी। एक-दो जगह हमने भारी बारिश का पूर्वानुमान दिया है। हवा की गति अधिकतम 50 किलोमीटर प्रति घंटा होगी। अगले 48 घंटे ऐसा ही मौसम रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग (IMD) के अधिकारियों ने कहा कि अगले छह घंटों के दौरान दक्षिण झारखंड और ओडिशा और पश्चिम बंगाल के उत्तरी आंतरिक जिलों के आसपास के जिलों में 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से लेकर 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी और उसके बाद धीरे-धीरे कम हो जाएगी। इस दौरान मामूली क्षति की आशंका है।
पश्चिम बंगाल, बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश के क्षेत्रों में गुरुवार की शाम से शुक्रवार की शाम तक अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है तथा अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।