लखनऊ में लगा 11 दिवसीय इंटरनेशनल ट्रेड फेयर:आयोजक बोले- 8 देशों, 20 राज्यों का सामान एक छत के नीचे मिल रहा

 

 

लखनऊ। इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में इंटरनेशनल ट्रेड फेयर की शुरुआत हो गई है। 18 अक्टूबर से 28 अक्टूबर तक यह ट्रेड फेयर चलेगा। जिसमें बड़ी संख्या में लोग एक ही छत के नीचे फर्नीचर, किचन, कॉस्मेटिक समेत हर तरीके का सामान खरीद सकते हैं।
अनुपम ने बताया कि लखनऊ में लगने वाला ये ट्रेड फेयर बहुत सफल रहता है। शहर भर के लोगों को इसका साल भर से इंतजार रहता है। पिछले साल ट्रेड फेयर में 1 लाख 25 हजार से अधिक लोगों ने खरीदारी की थी। इस साल दिवाली से ठीक पहले इस का आयोजन किया गया है। अनुपम ने बताया, लखनऊ वासियों के लिए ये प्री-दिवाली मेगा ऑफर जैसा है। इस ट्रेड फेयर का मुख्य उद्देश्य यह है कि भारत के विभिन्न राज्यों के प्रसिद्ध सामान को लखनऊ की जनता के लिए उपलब्ध कराया जाए। आम आदमी के लिए एक राज्य से दूसरे राज्य में जाकर सामान खरीदना बहुत मुश्किल और महंगा पड़ता है। ऐसे में दूसरे देश में जाकर खरीदारी करना एक सामान्य परिवार के लिए लगभग असंभव है। इसलिए हम लोग मेगा ट्रेड फेयर लगाकर लखनऊ समेत भारत के अन्य राज्य के लोगों को यह सुविधा उपलब्ध कराते हैं।
8 देशों, 20 राज्यों के लगे 250 स्टॉल
अनुपम ने बताया कि इस बार इंटरनेशनल ट्रेड फेयर में 8 देशों और 20 राज्यों के लोगों ने हिस्सा लिया है। 11 दिनों तक चलने वाले इस इंटरनेशनल ट्रेड फेयर में 250 स्टॉल्स लगे हैं। हर स्टॉल अपने आप में बहुत ही यूनिक है। यहां पर तुर्की का लैंप सेट स्टॉल लगाया गया है जिसे लोग काफी पसंद कर रहे हैं। तुर्की के लैंप सेट बेहद आकर्षित होते हैं जो शानदार नक्काशी के साथ तैयार किए जाते हैं। यहां पर अफगानिस्तान का ड्राई फ्रूट , कश्मीर की साड़ी, सिंगापुर का स्टीम आयरन और ईरान की खजूर की विशेष डिमांड रहती है।
ट्रेड फेयर का रहता है इंतजार
अनुपम ने बताया, मेगा ट्रेड फेयर से आम आदमी के साथ व्यापारियों को भी बड़ा फायदा मिलता है। दूसरे देश और राज्य से आने वाले व्यापारियों को यहां एक ही छत के नीचे लाखों की संख्या में ग्राहक मिल जाते हैं। इसके अलावा यहां पर जो भी सामान उपलब्ध कराया जाता है उसके गुणवत्ता का पूरा ध्यान रखा जाता है। बेहतर दाम में अच्छा सामान मिलता है यही कारण है कि लाखों की संख्या में ग्राहक हर साल खरीदारी करने पहुंचते हैं।