अवध में हो रहा है 24वें हुनर हाट का आयोजन, कारीगर दिखाएंगे अपनी कलाओं का जौहर

लखनऊ। बीते कुछ वर्षों से केंद्र सरकार की पहल पर केंद्रीय अल्पसंख्यक कल्याण मंत्रालय हुनर हाट का आयोजन करता आ रहा है। इसमें क्षेत्रीय और स्थानीय लोगों को अपनी कलाओं का प्रदर्शन करने का मौका मिलता है। मुख्यरूप से हस्तशिल्प और खाद्य पदार्थों की इस हाट में धूम होती है। राजधानी दिल्ली में इसका आयोजन हो चुका है, इस बार सरकार की ओर से तय किया गया है कि यह तहजीब की धरती लखनऊ पर इसे लगाया जाए।

पिछले लगभग 5 वर्षों में “हुनर हाट” के माध्यम से 5 लाख से ज्यादा दस्तकारों, शिल्पकारों, कारीगरों और उनसे जुड़े लोगों को रोजगार और रोजगार के अवसर उपलब्ध हुए हैं। “हुनर हाट” से देश के कोने-कोने की शानदार जानदार पारम्परिक दस्तकारी, शिल्पकारी की विरासत को और मजबूती और पहचान मिली है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, इसके लिए अवध शिल्पग्राम बनाया गया है। यहां 22 जनवरी से 4 फरवरी तक हुनर हाट का आयोजन होगा। देश के 31 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों के दस्तकारों, शिल्पकारों के स्वदेशी उत्पादों के साथ लगभग 500 हुनर के उस्ताद शामिल हो रहे हैं। “हुनर हाट” का औपचारिक उद्घाटन 23 फरवरी 2021 को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी द्वारा किया जायेगा।

बता दें कि लखनऊ के “हुनर हाट” में आंध्र प्रदेश, असम, बिहार, चंडीगढ़, छत्तीसगढ़, दिल्ली, गोवा, गुजरात, हरियाण, हिमाचल प्रदेश, जम्मूकश्मीर, झारखण्ड, कर्नाटक, केरल, लद्दाख, मध्य प्रदेश, मणिपुर, मेघालय, नागालैंड, ओड़िशा, पुडुचेरी, पंजाब, राजस्थान, सिक्किम, तमिलनाडु, तेलंगाना, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल सहित 31 राज्यों/ केंद्र शासित प्रदेशों से लगभग 500 हुनर के उस्ताद शामिल हो रहे हैं।

लखनऊ के “हुनर हाट” में आने वाले लोग देश के पारंम्परिक लजीज़ पकवानों का लुत्फ़ भी उठाएंगे, वहीँ देश के जाने माने कलाकारों द्वारा हर दिन प्रस्तुत किये जाने वाले विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र होंगे। “हुनर हाट” में प्रतिदिन सांयकाल जाने माने कलाकारों द्वारा “आत्मनिर्भर भारत” थीम पर गीत संगीत के कार्यक्रम होंगे। इन कार्यक्रमों में प्रसिद्द कलाकार जैसे कैलाश खेर; विनोद राठौर; शिबानी कश्यप; पेंद्र भुप्पी; मिर्ज़ा सिस्टर्स; प्रेम भाटिया; सुश्री रेखा राज; हमसर हयात ग्रुप; मुकेश पांचोली आदि अपने कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे।