कासगंज (उप्र)। रक्षा मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने रविवार को समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए सवाल किया कि आखिर सपा सरकार में ही क्यों दंगे होते है। और गुंडे-बदमाश खुलेआम घूमते हैं। रविवार को उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार करते हुए राजनाथ सिंह ने एसकेवी विद्यालय नदरई गेट, कासगंज में ‘प्रभावी मतदाता संवाद’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘मैं जानना चाहता हूं कि दंगे हमेशा सपा सरकार में ही क्यों होते हैं, गुंडे, बदमाश खुलेआम क्यों घूमते फिरते रहते हैं।’’
राज्य की भाजपा सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए उन्होंने दावा किया, ‘‘भाजपा की पांच साल की सरकार में एक भी दंगा नहीं हुआ।’’रक्षा मंत्री ने उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार की कानून व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा, ‘‘जब कानून व्यवस्था अच्छी होती है तो विकास भी तेजी से होता है। आज उत्तर प्रदेश अगर विकास की धुरी बना हुआ है तो उसके पीछे बेहतर कानून व्यवस्था है। अब गुंडों, माफियाओं को संरक्षण नहीं मिलता बल्कि उनकी अवैध संपत्तियों पर बुलडोजर चलता है।’’
समाजवादी पार्टी आजकल अपनी हर प्रेस कांफ्रेंस में एक लाल पोटली रख देती है।
जनता में विश्वसनीयता कायम करने के लिए त्याग करना पड़ता है, केवल लाल पोटली से जनता विश्वास नही करेगी।
समाजवादी पार्टी को इस सच्चाई को स्वीकार करना पड़ेगा कि दंगे केवल आपके कार्यकाल में ही क्यों होते हैं। pic.twitter.com/rL3eH2VxyR
— Rajnath Singh (@rajnathsingh) January 30, 2022
उल्लेखनीय है कि कासगंज में तीसरे चरण में 20 फरवरी को मतदान होना है। तीसरे चरण में उत्तर प्रदेश विधानसभा की कुल 59 सीटों पर मतदान होगा। सिंह ने विपक्षी दलों सपा, बसपा और कांग्रेस पर प्रहार किया और कहा कि जो अपनी जड़ों से कट जाता है, वो कटी पतंग-सा हो जाता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रशंसा करते हुए उन्होंने मतदाताओं को भरोसा दिया कि हम विकास भी करेंगे और अपनी विरासत को भी बचाएंगे। उन्होंने 2022 में एक बार फिर उत्तर प्रदेश में पूर्ण बहुमत से भाजपा सरकार बनाने का मतदाताओं से अनुरोध किया।