दिल्ली में आज इन रोड पर जाने से बचें, दिल्ली पुलिस ने जारी की एडवाइजरी

राहुल गांधी से ईडी पूछताछ करेगी और सड़कों पर कांग्रेसी कार्यकर्ता विरोध प्रदर्शन करेंगे। दिल्ली पुलिस, ईडी और केंद्र सरकार के खिलाफ नारे लगाएंगे। ऐसे में राजधानी के कई प्रमुख मार्ग पर यातयात जाम की संभावना है। दिल्ली पुलिस ने लोगों को पहले ही चेता दिया है।

नई दिल्ली। सोमवार को दिल्ली की सड़कों पर बवाल होता रहा है। विरोध प्रदर्शन और पैदल मार्च होता रहा है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी को ईडी ने पूछताछ के लिए बुलाया था। घंटों पूछताछ हुई और सड़कों पर कांग्रेसी कार्यकर्ता बवाल काटते रहे। आज भी ईडी ने राहुल गांधी को बुलाया है। उसे देखते हुए दिल्ली पुलिस की ओर से कहा गया है कि कई मार्गों पर यातायात की समस्या हो सकती है, इसलिए इन रास्तों पर जाने से बचें।

दिल्ली पुलिस की ओर से कहा गया है कि कृपया सुबह 7 से 12 बजे के बीच मोतीलाल नेहरू मार्ग, अकबर रोड, जनपथ और मान सिंह रोड जाने से बचें। विशेष इंतजामों के कारण इन सड़कों पर यातायात आवाजाही नहीं हो सकेगी। कृपया गोल मेथी जंक्शन, तुगलक रोड जंक्शन, क्लेरिजेस जंक्शन, क्यू-पॉइंट जंक्शन, सुनहरी मस्जिद जंक्शन, मौलाना आज़ाद रोड जंक्शन और मान सिंह रोड जंक्शन से सुबह 7 से 12 बजे के बीच बचें। विशेष ट्राफिक व्यवस्था के कारण नई दिल्ली में गोल डाक खाना जंक्शन, पटेल चौक, विंडसर प्लेस, तीन मूर्ति चौक, पृथ्वीराज रोड से आगे बसों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।