इन नए अध्यक्षों पर भाजपा ने लगाया है जोर

भाजपा ने कई राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष बदल डाले


नई दिल्ली।
संगठनात्मक परिवर्तन करते हुए भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व की ओर से कई राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष को बदल दिया गया है। केंद्रीय्र अध्यक्ष जेपी नड्डा की अनुशंसा पर पार्टी महासचिव अरुण सिंह ने इस आशय की जानकारी दी है। जी. किशन रेड्डी को तेलंगाना के भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के रूप में नियुक्त किया गया है, डी. पुरंदेश्वरी को आंध्र प्रदेश भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में नियुक्त किया गया है, पूर्व सीएम बाबूलाल मरांडी झारखंड के प्रदेश अध्यक्ष बने, सुनील जाखड़ पंजाब के पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बनाए गए हैं।

28 जून को देर रात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गृहमंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और पार्टी के संगठन महासचिव बीएल संतोष के साथ बैठक की थी। इस बैठक से भी पहले शाह ने नड्डा, बीएल संतोष और आरएसएस के शीर्ष पदाधिकारी अरुण कुमार के साथ कम से कम पांच मैराथन बैठक की थी। पांच जून, छह जून और सात जून को इन शीर्ष नेताओं ने भाजपा मुख्यालय पर लंबी बैठक कर पार्टी में बदलाव की रूपरेखा तैयार की थी। इसके बाद प्रधानमंत्री के साथ हुई बैठक में इन बदलावों पर चर्चा हुई और पीएम ने बदलावों पर अपनी मुहर लगाई।

इस नई नियुक्ति को आगामी लोकसभा चुनाव और राज्यों के विधानसभा चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है। भाजपा द्वारा चौधरी सुनील जाखड़ को प्रदेश अध्यक्ष की कमान सौंपी गई है। पिछले साल ही सुनील जाखड़, कांग्रेस का साथ छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए थे। जाखड़ का अच्छा राजनीतिक तजुर्बा है और उनकी हिन्दू वोट बैंक पर भी अच्छी पकड़ है।