आगरा। मुहब्बत की सबसे खास निशानी ताजमहल आज से पर्यटकों के लिए खोल दी गई है। कोरोना काल में इसे बंद किया गया था। जैसे ही राज्य में कोरोना संक्रमण के दैनिक मामलों में कमी आई, प्रशासन की ओर से कई पाबंदियां हटा ली गई। उसके तहत ही बुधवार से लोग ताजमहल का दीदार कर पाएगे।
देश में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण द्वारा संरक्षित स्मारक आज से लोगों के लिए खोल दिए गए हैं। आगरा के ताजमहल में एक साथ 650 लोगों को ही अंदर जाने की अनुमति है। यहां आसपास के दुकानदारों का कहना है कि काफी दिनों बाद हमारे दिन अच्छे होंगे। बीते दिनों तो घर में बैठे रहने से रोजी रोटी का भी संकट हो गया।
हालंाकि, प्रशासन की ओर से पूरी निगरानी रखी जा रही है। कहा जा रहा है कि जो भी पर्यटक आएंगे, उन्हें कोरेाना के लिए जारी स्वास्थ्य दिशा-निर्देशों का पालन करना होगा। बिना मास्क के प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। साथ ही पर्यटकों से अपील की गई है कि जितना संभव हो, आपस में दूरी बनाकर चलें।
बता दें कि उत्तर प्रदेश में लगातार संक्रमण में कमी आई है। राज्य के स्वास्थ्य विभाग की ओर से कहा गया है कि उत्तर प्रदेश में 2,34,00,000 डोज़ वैक्सीन की दी जा चुकी हैं। इनमें 18-44 आयुवर्ग के लोगों को 50 लाख से ज्यादा डोज़ दी गई हैं। कल 4,51,000 लोगों को वैक्सीन लगाई गई है। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए हैं कि इस माह में वैक्सीनेशन की क्षमता को बढ़ाकर 6-9 लाख डोज़ प्रतिदिन किया जाए और अगले महीने 10 लाख डोज़ प्रतिदिन दी जाएं। 31 अगस्त तक प्रदेश में 10 करोड़ डोज़ लगाने और दिसंबर तक सभी को टीका लगाने के लक्ष्य रखा गया है।