उत्तराखंड में केदारनाथ से लौट रहा हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त, पायलट समेत 6 लोग सवार

 

देहरादून/रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड के केदारनाथ धाम से गुप्तकाशी जा रहा एक हेलीकॉप्टर आज सुबह करीब 5:20 बजे गौरीकुंड के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हेलीकॉप्टर में पायलट समेत 6 लोग सवार थे, जिनमें 5 वयस्क श्रद्धालु और 1 बच्चा शामिल है। सवार यात्री उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और गुजरात से संबंधित बताए जा रहे हैं।

उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (UCADA) के अनुसार, दुर्घटना की सूचना मिलते ही राहत व बचाव के लिए NDRF और SDRF की टीमें मौके के लिए रवाना कर दी गई हैं।

गढ़वाल रेंज के आईजी राजीव स्वरूप ने बताया कि हेलीकॉप्टर ने केदारनाथ दर्शन के बाद श्रद्धालुओं को लेकर गुप्तकाशी के लिए उड़ान भरी थी। लेकिन गौरीकुंड के पास यह दुर्गम इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। उन्होंने कहा कि मौके पर पुलिस और बचाव दल भेजे जा चुके हैं।

उत्तराखंड ADG कानून व्यवस्था डॉ. वी. मुरुगेशन ने पुष्टि की है कि लापता हुआ हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो चुका है। हेलीकॉप्टर में कुल 6 लोग सवार थे। स्थिति की जानकारी लगातार एकत्र की जा रही है।

इस दुर्घटना को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा:

“रुद्रप्रयाग जिले में हेलीकॉप्टर दुर्घटना की बहुत दुखद खबर मिली है। एसडीआरएफ, स्थानीय प्रशासन और अन्य बचाव दल राहत और बचाव कार्यों में लगे हुए हैं। मैं बाबा केदार से सभी यात्रियों की कुशलता के लिए प्रार्थना करता हूं।”

फिलहाल दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और घटनास्थल से जानकारी जुटाई जा रही है। स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आगे की सूचना का इंतजार है।