इंद्रायणी नदी पर पुल ढहने से बड़ा हादसा, 4 की मौत, 51 घायल; बचाव कार्य जारी

 

पुणे/तालेगांव। पुणे जिले के तालेगांव क्षेत्र में इंद्रायणी नदी पर बना एक पुल अचानक ढह गया, जिससे बड़ा हादसा हो गया। इस दुर्घटना में अब तक 4 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 51 लोग घायल हुए हैं। राहत और बचाव कार्य जारी है और घटनास्थल पर त्वरित प्रतिक्रिया दल (क्विक रिस्पॉन्स टीम) पहुंच चुकी है।

यह घटना कल शाम उस समय हुई जब कई लोग पुल पर मौजूद थे। हादसे के बाद अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय प्रशासन ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। आज सुबह से फिर से खोज और बचाव अभियान तेज़ कर दिया गया है।

मावल तहसीलदार विक्रम देशमुख ने बताया, “घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है और अब तक किसी के लापता होने की जानकारी नहीं मिली है। घटना में 4 लोगों की दुखद मृत्यु हुई है।”

प्रशासन की ओर से घटनास्थल पर जेसीबी, एंबुलेंस और सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। घायलों को तालेगांव और पुणे के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

इस हादसे को लेकर राजनीति भी गरमा गई है। शिवसेना (उद्धव गुट) के सांसद संजय राउत ने घटना पर राज्य सरकार को घेरा। उन्होंने कहा, अजित पवार पुणे के संरक्षक मंत्री हैं, तो क्या वह इस दुर्घटना की जिम्मेदारी लेंगे?” उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि क्या इस पुल की मरम्मत और निगरानी को लेकर लापरवाही बरती गई थी।

इस हादसे के बाद स्थानीय लोग भी प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं। कई लोगों का कहना है कि पुल की स्थिति पहले से ही खराब थी, लेकिन समय रहते कोई मरम्मत कार्य नहीं हुआ।

अब देखना यह होगा कि सरकार इस हादसे की जांच किस स्तर तक कराती है और दोषियों पर क्या कार्रवाई की जाती है। इस दुखद हादसे ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है और एक बार फिर से बुनियादी ढांचे की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।