मुंबई। सोनी सब का शो ‘उफ्फ… ये लव है मुश्किल’ दर्शकों के दिलों में गहराई से उतरता जा रहा है। शो में युग (शब्बीर आहलूवालिया) और कैरी (आशी सिंह) की भावनात्मक जंग और उलझी केमिस्ट्री कहानी को दिलचस्प बना रही है। हाल ही में, कैरी को अपनी लापता बहन इमरती की तलाश में युग का साथ लेना पड़ता है, जहां उन्हें अपने पिता कुंदन द्वारा किए गए अपहरण की चौंकाने वाली सच्चाई पता चलती है।
आने वाले एपिसोड्स में कैरी को कुछ रहस्यमयी ऑडियो टेप्स मिलते हैं, जिनमें ‘मिस्टर मजनू’ नामक एक शख्स की आवाज़ उसे भावनात्मक सहारा देती है। वह इस आवाज़ से जुड़ने लगती है, बिना यह जाने कि यह और कोई नहीं बल्कि खुद युग है। यह गुप्त रिश्ता कैरी को न सिर्फ सुकून देता है, बल्कि उसे अपने परिवार और खुद को संभालने की ताकत भी देता है।





















