BJP Change CM : उत्तराखंड-गुजरात के बाद अगला नंबर मध्य प्रदेश और हिमाचल का होगा ?

सत्ता के लिए कुछ भी करना होगा, तो उससे परहेज नहीं है। जिस प्रकार से भाजपा शासित प्रदेशों में अचानक से मुख्यमंत्री बदल दिए जा रहे हैं, उससे यही संकेत मिल रहा है। गुजरात के बाद क्या पार्टी यही प्रयोग मध्य प्रदेश और हिमाचल प्रदेश में करने जा रही है।

नई दिल्ली। भाजपा का यह मोदी-शाह युग है। हर चुनाव से पहले कई स्तर की सर्वे और उसके बाद त्वरित निर्णय। पहले इसकी जद में उत्तराखंड आया और मुख्यमंत्री बदल दिए गए। शनिवार को गुजरात में यही हुआ। अब भाजपा के रणनीतिकारों का मानना है कि ऐसी राजनीतिक खबरें अब मध्य प्रदेश और हिमालचल प्रदेश से आएंगी। दोनों राज्यों के मुख्यमंत्री निश्चित समयांतरल पर बदल दिए जाएंगे। इसके पीछे कारण मुख्य रूप से एक ही है – राज्य में भाजपा का सत्ता में बने रहने की मंशा।
शनिवार को गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने त्यागपत्र दिया तो उससे पहले उनकी मुलाकात केंद्रीय मंत्री अमित शाह से हो चुकी थी। मामला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गृहराज्य का है, तो पूरी जानकारी उन्हें दी गई और उनकी हरी झंडी मिलते ही विजय रूपाणी ने अपना त्यागपत्र सौंप दिया। अब यहां जातिगत समीकरणों और युवाओं को ध्यान में रखकर नया मुख्यमंत्री घोषित किया जाएगा। गुजरात में भाजपा का नया चेहरा जातीय समीकरणों और चुनावी जरूरतों को देखते हुए ही तय किया जाने वाला है। क्योंकि, उसे कम समय में ही सरकार और वोटर दोनों को ही ध्यान में रखकर आगे बढ़ना होगा और विकास के बचे हुए वादों को पूरा करने की दिशा में काम करना होगा।

असल में, जिन जिन राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं, वहां भाजपा और संघ अपने हिसाब से जमीनी पड़ताल करती है। इस पड़ताल से जो तथ्य सामने आते हैं, उसके बाद ही भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व निर्णय लेता है। बीते दिनों केंद्रीय मंत्रिमंडल में कई बड़े जाने-पहचाने चेहरे को इसी तर्ज पर किनारे कर दिया गया था।
कहा जा रहा है कि पार्टी की लंबी रणनीति का हिस्सा है, जिसके तहत बीजेपी नए जेनरेशन के नेताओं को आगे कर रही है। इसके तहत सूत्र ने बिहार और केंद्रीय मंत्रिपरिषद से बुजुर्ग नेताओं की छुट्टी और ज्यादा युवाओं को तरजीह देने का उदाहरण दिया है। मसलन, बिहार में सुशील कुमार मोदी, नंदकिशोर यादव और प्रेम कुमार जैसे वरिष्ठ नेताओं की जगह नए नेताओं को सरकार में कमान सौंपी गई है। इसी तरह कर्नाटक में भी बुजुर्ग बीएस येदियुरप्पा की जगह बसवराज बोम्मई मुख्यमंत्री बनाए गए हैं। मध्य प्रदेश में 2023 के अंत में चुनाव होने हैं और हो सकता है कि वहां शिवराज सिंह चौहान की जगह किसी ज्यादा युवा नेता को पार्टी आगे करे। इसी तरह हिमाचल प्रदेश में भी अगले साल ही बाद में चुनाव होने हैं और कयास लगाए जा रहे हैं कि पार्टी वहां भी मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की जगह किसी ज्यादा युवा नेता को आगे कर सकती है और उसके लिए केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर का नाम भी चौंका सकता है।