भोपाल। मध्य प्रदेश में जिला कांग्रेस अध्यक्षों की घोषणा अगले दो दिनों में होने वाली है। इसके लिए आज नई दिल्ली में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल और प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी के बीच अंतिम दौर की बैठक होगी।
इधर, प्रदेश कांग्रेस की राजनीतिक मामलों की समिति की बैठक कल बुलाई गई है, जिसमें नए जिलों को लेकर वरिष्ठ नेताओं को विश्वास में लिया जाएगा।
प्रदेश में पहली बार जिलाध्यक्षों की नियुक्ति के लिए कांग्रेस ने संगठन सृजन अभियान चलाया था। इस अभियान के तहत प्रत्येक जिले में केंद्रीय और प्रदेश स्तर के पर्यवेक्षक भेजे गए। जिला और ब्लॉक स्तर पर बैठकों के बाद पर्यवेक्षकों ने स्थानीय व जातीय समीकरणों को ध्यान में रखते हुए अपनी रिपोर्ट तैयार की और नाम प्रस्तावित किए।
सूत्रों के मुताबिक, प्रत्येक जिले से छह-छह नाम सुझाए गए हैं, जिनमें से एक नाम अनुसूचित जाति-जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग या महिला वर्ग से शामिल किया गया है। संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल और प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी ने इन रिपोर्टों पर चर्चा कर प्रत्येक जिले से दो-दो नाम चुने हैं। इनमें से एक नाम को आज राहुल गांधी के साथ होने वाली बैठक में अंतिम रूप दिया जाएगा।















