Rajasthan News : राजस्थान कैबिनेट में बदलाव, 4 दलितों को बनाया गया मंत्री

कैबिनेट मंत्री के तौर पर शपथ लेने वाले नए मंत्रियों में हेमाराम चौधरी, महेंद्रजीत सिंह मालवीय , रामलाल जाट, महेश जोशी, विश्वेंद्र सिंह, रमेश मीना, ममता भूपेश बरवा, भजनलाल जाटव, टिकाराम जुली, गोविंद राम मेघवाल और शकुंतला रावत का नाम है। वहीं राज्य मंत्री के रूप में शपथ लेने वालों में जाहिदा, बृजेंद्र सिंह ओला , राजेंद्र दुरहा और मुरली लाल मीना हैं।

जयपुर। राजनीतिक और जातिगत समीकरण को साधते हुए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अपना मंत्रिमंडल विस्तार किया है। मंत्रिमंडल में आज 12 नए चेहरों को शामिल किया जाना है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक कैबिनेट में सचिन पायलट कैंप के भी पांच चेहरे शामिल होंगे। नए कैबिनेट में ऐसा पहली बार होगा, जब राजस्थान के नए कैबिनेट में चार सदस्य अनुसूचित जाति समुदाय से होंगे। पंजाब में दलित मुख्यमंत्री नियुक्त करने के बाद कांग्रेस का यह अगला दांव है। इतना ही नहीं, अनुसूचित जनजाति से भी तीन मंत्री होंगे। इसके अलावा, इस कैबिनेट में तीन महिलाएं और एक मुस्लिम सदस्य होगा।

राज्य के वरिष्ठ कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने कहा कि मुझे खुशी है कि कांग्रेस पार्टी, सोनिया गांधी और प्रदेश की सरकार ने जो कुछ कमियां थीं उसे पूरा किया है। नई कैबिनेट में 4 दलित मंत्रियों को जगह दी गई है। हमारी पार्टी चाहती है कि दलित, उपेक्षित, पिछड़े लोगों का प्रतिनिधित्व हर जगह होना चाहिए। काफी समय से हमारी सरकार में दलितों का प्रतिनिधित्व नहीं था अब भरपाई की है। आदिवासियों का भी प्रतिनिधित्व बढ़ाया गया।

सचिन पायलट खेमे के जिन लोगों को राजस्थान मंत्रिमंडल में में शामिल किया जाएगा, उनमें कैबिनेट मंत्री के तौर पर विश्वेंद्र सिंह, रमेश मीणा और हेमाराम चौधरी होंगे, वहीं राज्य मंत्री के तौर पर बृजेंद्र ओला और मुरारी मीणा होंगे। बता दें कि विश्वेंद्र सिंह और रमेश मीणा को पिछले साल राजनीतिक संकट के दौरान कैबिनेट मंत्री के पद से बर्खास्त कर दिया गया था।