Chhath Puja 2021 : डूबते हुए सूर्य को दिया गया अर्घ्य, देश के कई हिस्सों में मनाया गया छठ महापर्व

हर जगह छठ की धूम है। व्रतियों ने घाटों पर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया है। कोविड प्रोटोकाल की बात हुई, लेकिन लोगों की भीड़ रही। घाटों पर नेताओं का जमावड़ा रहा।

नई दिल्ली। छठ महापर्व के दौरान बुधवार की शाम डूबते हुए सूर्य को पहला अर्घ्य दिया गया। व्रतियों ने नदियों, तालाब और निर्धारित स्थानों पर भगवान सूर्य की पूजा अराधना की। भक्ति और आध्यात्म से परिपूर्ण इस पर्व में बांस निर्मित सूप, टोकरी, मिट्टी के बर्तनों, गन्ने का रस, गुड़, चावल और गेहूं से निर्मित प्रसाद और सुमधुर लोकगीत,लोक जीवन की भरपूर मिठास को प्रसारित करते हैं।राजधानी दिल्ली के यमुना किनारे घाटों पर नेताओं का भी जमावड़ा लगा रहा।

अपने संदेश में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि सभी लोगों को छठ की बहुत शुभकामनाएं। अभी कोरोना ख़त्म नहीं हुआ है इसलिए सावधानी बरतें। इस बार डेंगू के मामले ज़्यादा आए हैं। मौसम बदल रहा है। मुझे उम्मीद है कि हफ्ते 10 दिन के अंदर हम डेंगू को नियंत्रित कर देंग। इस बार कोरोना के कारण बहुत सारी परेशानियां थीं लेकिन छठी मईया के आशीर्वाद से हम छठ मना रहे हैं। सबके सुख की कामना कीजिए, चाहे हमारी पार्टी के हो या दूसरी पार्टी के। ये वक़्त राजनीति करने का नहीं है।


बिहार की राजधानी पटना में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सहित कई नेताओं ने छठ पूजा में भाग लिया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि प्रशासन की तरफ़ से काफी तैयारी की गई थी, जो अब सफल हुई है। पिछले वर्ष कोरोना के कारण इतने उल्लास से छठ नहीं मनाया गया था। इस बार कोरोना में कमी आई है। मैं सभी छठ व्रतियों को शुभकामनाएं देता हूं।