Chhatishgarh News : सीएम भूपेश बघेल दिल्ली में, क्या राहुल लेंगे नया फैसला ?

छत्तीसगढ़ में ढ़ाई साल के बाद सीएम बदलने की बात हुई थी। अब टीएस सिंहदेव सीएम भूपेश बघेल को बदलने की मांग कर रहे हैं। दोनों की लड़ाई रायपुर से दिल्ली तक आ पहुंची है। निर्णय राहुल गांधी को करना है कि छत्तीसगढ़ का सीएम बदलेंगे या स्थिति जस की तस रखेंगे।

नई दिल्ली। छत्तीसगढ़ की राजनीति को लेकर दिल्ली में राजनीतिक बैठक आज होगी। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और राज्य के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव को दिल्ली बुलाया गया है। राज्य के राजनीतिक हालात को लेकर प्रभारी बीएल पुनिया ने दोनों नेताओं को दिल्ली आने का आदेश दिया। उसके बाद सोमवार की रात ही मुख्यमंत्री भूपेश बघेल दिल्ली आ गए।

रायपुर से निकलते समय मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने केवल इतना कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी के साथ दिल्ली में बैठक होना है। इसलिए दिल्ली जा रहा हूं। हालांकि, कई सवालों को सीएम भूपेश बघेल टाल गए।

असल में, राजनीतिक गलियारां में चर्चा है कि जब छत्तीसगढ़ में भूपेश बघेल को सीएम बनाया गया था, तो उससे पहले टीएस सिंहदेव को सीएम के रूप में प्रोजेक्ट किया था। विधानसभा चुनाव के दौरान टीएस सिंहदेव का नाम प्रमुखता से था। चुनाव परिणाम आने के बाद दिल्ली से आदेश गया और भूपेश बघेल मुख्यमंत्री बन गए। उस समय पार्टी के अंदरखाने तय हुआ था कि ढ़ाई साल के बाद भूपेश बघेल को हटाकर टीएस सिंहदेव को राज्य का मुख्यमंत्री बनाया जाएगा।
अब जब ढ़ाई साल की मियाद पूरी हो गई है, तो टीएस सिंहदेव कांग्रेस नेतृत्व पर दबाव डाल रहे हैं। इसी संदर्भ में दिल्ली में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और प्रभारी बीएल पुनिया दोनों से मिलेंगे। कहा जा रहा है कि राहुल गांधी को इससे पहले पूरी स्थिति बता दी गई है और यदि जरूरत पड़ी तो सोनिया गांधी के साथ भी बैठक हो सकती है।