सीएम योगी ने उत्तर-दक्षिण कॉरिडोर को दी प्राथमिकता, कहा – प्रदेश की आर्थिक रीढ़ को मजबूत करेगा यह प्रोजेक्ट

 

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की भौगोलिक और आर्थिक कनेक्टिविटी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर-दक्षिण कॉरिडोर के विकास पर विशेष बल दिया है। मंगलवार देर शाम मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में सीएम योगी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कॉरिडोर के लिए विस्तृत और व्यवहारिक कार्ययोजना जल्द से जल्द प्रस्तुत की जाए।

सीएम योगी ने कहा कि पूर्व-पश्चिम और उत्तर-दक्षिण कॉरिडोर राज्य की आर्थिक रीढ़ को मजबूती प्रदान करेंगे। इसके अंतर्गत नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) के सहयोग से नेशनल हाईवे और ग्रीनफील्ड सड़कों के निर्माण को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में स्थानीय और गुणवत्तायुक्त सामग्री का उपयोग अनिवार्य किया जाए ताकि राज्य के उद्योगों को भी इसका लाभ मिल सके।

मुख्यमंत्री ने सड़क सुरक्षा को लेकर भी सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि PWD, परिवहन विभाग और पुलिस विभाग के समन्वय से एक समग्र रणनीति तैयार की जाए। वहीं, ग्राम्य क्षेत्रों को मुख्य सड़कों से जोड़ने के लिए पंचायत निधियों का प्रभावी उपयोग करने पर भी जोर दिया गया।

सीएम योगी ने विश्वास जताया कि यह महत्वाकांक्षी परियोजना राज्य को बेहतर लॉजिस्टिक्स, निवेश और रोजगार के नए अवसरों से जोड़ेगी, जिससे उत्तर प्रदेश की विकास गति और भी तेज होगी।