रामगोपाल यादव के विरुद्ध शिकायत दर्ज, विहिप ने की कठोर कार्रवाई की मांग

 

मुरादाबाद। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने समाजवादी पार्टी के महासचिव रामगोपाल यादव के विवादित बयान के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले के सिविल लाइंस थाने में शिकायत दर्ज कराई है। विहिप ने आरोप लगाया है कि श्री यादव ने भारतीय सेना और हिंदू समाज के प्रति न केवल अपमानजनक टिप्पणी की, बल्कि अपनी पार्टी की विभाजनकारी मानसिकता को भी उजागर किया।

शिकायत में विहिप ने आरोप लगाया है कि रामगोपाल यादव ने वर्जित शब्दों का प्रयोग करते हुए अनुसूचित जाति समाज का भी घोर अपमान किया है, जो न केवल देश विरोधी और हिंदू विरोधी मानसिकता को दर्शाता है, बल्कि सामाजिक समरसता को भी चोट पहुंचाने वाला है। परिषद ने मांग की है कि उनके खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाए।

विश्व हिंदू परिषद ने एक ट्वीट के माध्यम से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्य पुलिस से अपील की है कि पूज्य योगी जी की जांबाज यूपी पुलिस समाजवादी पार्टी के महासचिव की हेकड़ी निकाल कर इस पार्टी द्वारा बार-बार किए जा रहे समाज और राष्ट्र पर आघातों से जनता को मुक्ति दिलाए।

रामगोपाल यादव के बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। सत्ताधारी दल और कई राष्ट्रवादी संगठन इस बयान को भारतीय सेना और हिन्दू समाज का अपमान बता रहे हैं, जबकि समाजवादी पार्टी की ओर से फिलहाल कोई औपचारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।