कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा 26वें दिन मैसूर से शुरू

भारत जोड़ो यात्रा में इस हफ्ते कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा भी शामिल होंगे। सोनिया गांधी छह अक्टूबर को कर्नाटक में भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होंगी।

मैसूर। |कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष व सांसद राहुल गांधी के नेतृत्व में भारत जोड़ो यात्रा अभी दक्षिण भारत के राज्यों में है। यात्रा के 26वें दिन इसकी शुरुआत मैसूर से हुई है। जिस प्रकार से लोगों का समर्थन इस यात्रा को मिल रहा है, उससे कांग्रेस नेता उत्साहित हैं।

कांग्रेस की ओर से कहा जा रहा है कि कल सूरज ने कहा सियाह रात से, ये वक़्त अब तेरे ढलने का है। बादलों की ओट हो या तूफानों का साया, ये वक़्त अब मेरे निकलने का है।।महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और अन्याय के खिलाफ इस जन-आंदोलन में उमड़ा यह हुजूम, कर्नाटक में एक नई इबारत लिखने की तैयारी में है।

बहरहाल, पिछले दिनों कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार और कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा था कि सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा राज्य में अलग-अलग यात्रा में भाग लेंगी और तारीखों की घोषणा जल्दी की जाएगी। गौरतलब है कि भारत जोड़ो यात्रा, सात सितंबर को कन्याकुमारी से शुरू हुई और तमिलनाडु और केरल के बाद शुक्रवार को कर्नाटक में प्रवेश किया। राज्य में 21 दिनों में करीब 511 किलोमीटर की दूरी तय की जाएगी। यह यात्रा पांच महीने चलेगी और साढ़े तीन हजार किलोमीटर की दूरी तय की जाएगी।

भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने के लिए सोनिया गांधी सोमवार को कर्नाटक पहुंचेंगी और छह अक्टूबर को यात्रा में शामिल होने से पहले दो दिन कुर्ग में रहेंगी। बताया गया है कि अगर उनकी सेहत ठीक रहती है तो वे दोनों सत्रों यानी सुबह और शाम में पदयात्रा करेंगी। गौरतलब है कि जिस समय राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा शुरू की उस समय सोनिया गांधी चिकित्सा जांच के लिए विदेश गई थीं।