नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली और पडोसी राज्य हरियाणा में राज्य सरकार की ओर से 24 मई तक के लिए लाॅकडाउन (Lockdown) बढा दिया गया है। कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए यह कदम उठाया गया है।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने कहा कि दिल्ली में लॉकडाउन एक हफ्ते के लिए बढ़ाया जा रहा है। अगले सोमवार सुबह 5 बजे तक के लिए लॉकडाउन बढ़ाया जा रहा है। पिछले 24 घंटे में कोरोना के लगभग 6,500 मामले आए हैं। पॉजिटिविटी रेट 1% और कम होकर 10% के करीब आ गई है।
राजधानी दिल्ली में लगे लॉकडाउन (Lockdown in Delhi) की वजह से ऑटो रिक्शा चालकों की आमदनी प्रभावित हो रही है। एक ऑटो रिक्शा चालक ने बताया, “सड़क पर सवारी नहीं है जो सवारी मिलती है वो भी आधे ही पैसे दे रही है। बहुत मुश्किल से घर का खर्चा चल रहा है।”
वहीं, पडोसी राज्य हरियाणा ने भी लाॅकडाउन (Lockdown in Haryana) की अवधि 24 मई तक के लिए बढा दी है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल (Manohar Lal Khattar) ने पानीपत में इसकी घोषणा की। रविवार को उन्होंने पानीपत और हिसार में 500-500 बेड के अस्थायी अस्पतालों का उद्घाटन किया। हरियाणा में कोविड के नए मामलों में गिरावट आ रही है। 21 अप्रैल के बाद शनिवार को एक बार फिर 10 हजार से नीचे 9676 नए संक्रमित दर्ज किए गए। शनिवार को 144 संक्रमितों की मौत हो गई और 12,593 मरीज ठीक होकर घर लौटे।
असल में, भारत में #COVID19 के 3,11,170 नए मामले आने के बाद कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या 2,46,84,077 हुई। 4,077 नई मौतों के बाद कुल मौतों की संख्या 2,70,284 हो गई है। 3,62,437 नए डिस्चार्ज के बाद कुल डिस्चार्ज की संख्या 2,07,95,335 हुई। देश में सक्रिय मामलों की कुल संख्या 36,18,458 है।
हरियाणा के गृहमंत्री अनिल विज (Anil Viz) ने हरियाणा की स्थिति को लेकर कहा कि हरियाणा में पिछले कुछ दिनों से कोरोना मरीजों की संख्या में गिरावट आ रही है। राज्य में सक्रिय मामले 1,16,000 के करीब थे जो अब घटकर 96,000 हो गए हैं। प्रतिदिन आने वाले नए मरीजों की संख्या 15,000 के पास थी जो अब घटकर 9,600 पर आ गई है। उन्होंने कहा कि हम केंद्र सरकार के लगातार संपर्क में हैं कि हमें ऑक्सीजन की मात्र और बढ़ाई जाए। हमने अपने ऑक्सीजन का ऑडिट करके केंद्र सरकार को भेजा है। अभी जो मिल रहा है हम उसमें अपना गुजारा कर रहे हैं लेकिन अगर हमें और बेड बढ़ाना है तो और ऑक्सीजन की जरूरत है।