Delhi Congress : महंगाई को लेकर कांग्रेस का हमला, प्रदेश अध्यक्ष चौधरी अनिल कुमार ने मोदी सरकार को ठहराया जिम्मेदार

दिल्लीवालों को मंहगाई से तुरंत राहत देने के लिए दिल्ली सरकार विधानसभा क्षेत्रों में कांग्रेस की सरकार की तर्ज पर सरकारी स्टॉल खोलकर बाजार भाव से सस्ते दामों पर सब्जियां, दालें आदि वस्तुए उपलब्ध कराए और पेट्रोल और डीजल पर वेट की दरें कम करके पेट्रोल पर वेट 20 प्रतिशत और डीजल पर 12.5 प्रतिशत तक वसूला जाऐ।

नई दिल्ली। केंद्र सरकार की गलत नीतियों के कारण देश में महंगाई बढ़ती जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी इमेज बिल्डिंग में लगे हैं और जनता त्राहिमाम कर रही है। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष चौधरी अनिल कुमार का कहना है कि पिछले 7 वर्षों में डीजल और पेट्रोल पर एक्साईज ड्यूटी के रुप में केन्द्र सरकार ने 23.25 लाख करोड़ और दिल्ली सरकार ने वेट के रुप में 25000 करोड़ रुपये एकत्रित किए है, क्योंकि उपभोक्ताओं को पेट्रोल और डीजल की कीमत का 50 प्रतिशत हिस्सा टैक्सों के रुप में भुगतना पड़ रहा है। सरकारों द्वारा रसोई गैस पर सब्सिडी समाप्त करने के बाद सिलेंडर 899.50 रुपये में मिल रहा है जबकि पेट्रोल और डीजल की दरें आसमान छू रही है, जिनमें सरकार की शह पर प्रतिदिन बढ़ोत्तरी हो रही है।

दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष चौ0 अनिल कुमार के नेतृत्व में दक्षिणी दिल्ली संसदीय क्षेत्र की अम्बेडकर नगर विधानसभा में मंहगाई को लेकर पोल खोल यात्रा का निकाली । यात्रा गांधी हरिजन विद्यालय, मदनगीर से निकाली गई जिसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं सहित क्षेत्रीय लोग भी इस उम्मीद के साथ शामिल हुए कि पिछले 15 वर्षों से निगम में शासित भाजपा के कुशासन से और 7 वर्षों के आम आदमी पार्टी के कुप्रबंधन से छुटकारा कांग्रेस पार्टी दिलाऐगी। ज्ञातव्य है कि पोल खोल यात्रा अगले 70 दिनों तक सभी 70 विधानसभाओं में निकाली जाऐगी जिसमें सभी 272 वार्डो को कवर किया जाएगा। पोल खोल यात्रा के दौरान मंहगाई का पुतला फूंका गया।

चौ0 अनिल कुमार ने कहा कि कोविड महामारी की भरपाई के नाम पर केन्द्र की भाजपा और दिल्ली आम आदमी पार्टी की सरकारें टैक्सों लगाकर लूट मचा रही है। देश सहित दिल्ली में पेट्रोल, डीजल व सीएनजी के दामों में लगातार हो रही बेतहाशा बढ़ोत्तरी के कारण खाद्य वस्तुओं, तेल, तिलहन व सब्जियों के दाम आसमान छू रहे है और रसोई गैस और पीएनजी की दरों में वृद्धि ने गृहणी का बजट बिगाड़ दिया है। उन्होंने कहा कि बढ़ती मंहगाई के चलते मध्यम वर्ग, निम्न वर्ग, गरीब, मजदूर आज मजबूर अपनी अजीविका चलाने में मजबूर दिखाई पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि केन्द्र और दिल्ली सरकार की बढ़ती मंहगाई को नियंत्रित करने के प्रति गैर जिम्मेदाराना रवैये के चलते आज हर वर्ग घर से सड़क तक पूरी तरह प्रभावित हो रहा है।

चौ0 अनिल कुमार ने कहा कि भाजपा की केन्द्र दिल्ली की अरविन्द केजरीवाल की मंहगाई को कम करने की नियत ही नही है। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार का यह कहना कि मंहगाई को कम करने के प्रयास करने के बावजूद आम लोगों तक उसका फायदा नही पहुॅच रहा है, सिर्फ लोगों को भ्रमित करने के लिए बयान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार के आदेश के बावजूद खाद्य तेल के दामों में अनियंत्रित वृद्धि से भाजपा की उद्योगपतियों के साथ सहभागिता और मित्रता साफ उजागर होती है। चौ0 अनिल कुमार ने यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल से मांग की कि देशवासियों को राहत देने के लिए दौड़ती मंहगाई पर लगाम लगाऐं।