Delhi News : दिल्ली नगर निगम चुनाव को लेकर सीएम केजरीवाल और भाजपा आमने-सामने

क्या केजरीवाल जी ये जवाब देंगे कि क्यों उन्होंने दिल्ली में सफाई कर्मी और सफाई व्यवस्था के फंड को निगम की परिधि में रोक के रखा हैं। दिल्ली में जिन पार्क में बच्चे खेलने के इच्छुक हैं, उन पार्कों की मेंटिनेंस का पैसा क्यों केजरीवाल जी रोक कर बैठे हैं।

नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम चुनाव को लेकर राजधानी में सियासी पारा अब चढ़ने लगा है। बीते दिनों राज्य चुनाव आयोग ने मीडिया से कहा था कि चुनाव अप्रैल में नहीं होंगे। उसके बाद ही आम आदमी पार्टी केंद्र सरकार और भाजपा पर हमलावर हो गई। शुक्रवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि अगर इस तरह स्वायत्त संस्थाओं पर दबाव डालकर सरकारें चुनाव टालेंगी तो लोकतंत्र नहीं बचेगा। सरकारें आती जाती रहेंगी, राजनीतिक दल भी आते जाते रहेंगे, मगर देश कमजोर नहीं होना चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री से अपील की है कि इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगना चाहिए।

केजरीवाल ने कहा कि चुनाव की तिथि टालने से लोगों के मन में कई बातें चल रही हैं। पहली केंद्र की सत्ता में भाजपा 7-8 साल से काबिज है। अगर तीनों एमसीडी को एक साथ करना था तो आठ साल में क्यों नहीं किया गया। चुनाव की तारीख की घोषणा होने से एक घंटे पहले याद आया कि निगमों को एक करना है तो चुनाव टाल दिया जाएं। उन्होंने कहा कि यहां मकसद चुनाव टालना नहीं है। ऐसा लगता है कि भाजपा हार के डर से एमसीडी को एक करने के बहाने चुनाव टालना चाह रही है।

दूसरी ओर केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने भाजपा की ओर से मोर्चा संभाल लिया है। उन्होंने कहा कि हास्यास्पद है कि जिस आम आदमी पार्टी को यूपी में नोटा से कम वोट मिला, जिस आम आदमी पार्टी की उत्तराखंड में 70 में से 55 सीटों पर जमानत जब्त हुई और गोवा में सिर्फ 6% वोट मिला, उस पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल देश के प्रधानसेवक पर कटाक्ष कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली में निगम के रिफॉर्म के विरोध में स्वयं केजरीवाल जी उपस्थित होंगे, ये शायद दिल्ली के नागरिकों ने कभी सोचा नहीं होगा। लेकिन दिल्ली के नागरिक ये भी देख चुके हैं कि जब केजरीवाल जी ने नगर निगम का 7 वर्षों में 13,000 करोड़ रुपये रोक के रखा, ताकि निगम अपने कार्यों में विफल हो।

केंद्रीय मंत्री आगे कहा कि क्या केजरीवाल जी ये जवाब देंगे कि क्यों उन्होंने दिल्ली में सफाई कर्मी और सफाई व्यवस्था के फंड को निगम की परिधि में रोक के रखा हैं। दिल्ली में जिन पार्क में बच्चे खेलने के इच्छुक हैं, उन पार्कों की मेंटिनेंस का पैसा क्यों केजरीवाल जी रोक कर बैठे हैं। इससे पहले केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से आग्रह किया कि वह राष्ट्रीय राजधानी में नगर निगम चुनाव होने दें। उन्होंने कहा कि चुनाव टालने से लोकतांत्रिक प्रणाली कमजोर होती है। केजरीवाल ने पूछा, ‘‘ जनता इस कदम पर सवाल उठा रही है। केन्द्र पिछले सात-आठ साल से सत्ता में है, उन्होंने पहले इनका एकीकरण क्यों नहीं किया?’’