Delhi News : तिहाड़ जेल में भी फैल चुका है कोरोना, जेल प्रशासन है सतर्क

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के आम और खास लोग कोरोना की चपेट में आ ही रहे थे कि अब तिहाड़ जेल के कैदियों के भी कोरोना पॉजिटिव होने की सूचना आई है। कैदियों के कोरोना संक्रमित होने के बाद जेल प्रशासन को पहले से अधिक सतर्कता बरतनी पड़ रही है। प्राप्त जानकारी के अनसुर,दिल्ली के तीन कारागारों में 46 कैदी और 43 कर्मचारी कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं।

बता दें कि जेल अधिकारियों द्वारा साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार, रविवार तक संक्रमित पाए गए 46 कैदियों में से 29 तिहाड़ और 17 मंडोली जेल के हैं। संक्रमित पाए गए 43 कर्मचारियों में से तिहाड़ के 25, रोहिणी जेल के 12 और मंडोली जेल के छह कर्मचारी हैं। अधिकारियों ने बताया कि तिहाड़ में 120 बिस्तरों का और मंडोली में 48 बिस्तरों का ‘कोविड देखभाल केन्द्र’ बनाया गया है। जेल प्रशासन ने बताया कि कैदियों और कर्मचारियों की देखभाल के लिए उन्होंने चार समितियों का गठन किया है।

आंकड़ों के अनुसार, सात जनवरी तक दिल्ली के तीन कारागार में कुल 18,528 कैदी थे। इनमें से तिहाड़ में 12,669, मंडोली में 4,018 और रोहिणी में 1,841 कैदी थे। अधिकारियों ने बताया कि जहां तक संभव हो कर्मचारी और कैदी सामाजिक दूरी बनाए रख रहे हैं।