सीएम केजरीवाल के आवास पर प्रदर्शन, सियासी आरोपों के बीच दिल्ली पुलिस की सफाई

दिल्ली के बाॅर्डर पर किसान आंदोलन चल रहा है और मध्य दिल्ली में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के घर के बाहर बकाया राशि को लेकर दिल्ली के तीनों महापौर आंदोलन कर रहे हैें। तीनों महापौर दिल्ली नगर निगम के बकाया करीब 13 हजार करोड़ रुपये की मांग कर रहे हैं।आप का कहना है कि आज भारत बंद के चलते गृह मंत्रालय के निर्देश पर दिल्ली पुलिस ने ये काम किया है।

इसको लेकर सोमवार को पूरी दिन सियासत चलती रही। पूरी रात धरना जारी रहा। मंगलवार की सुबह जैसे ही दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता अपने साथियों के साथ चाय लेकर पहुंचे, उसके बाद आम आदमी पार्टी की ओर से कहा गया कि दिल्ली पुलिस ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को घर में ही नजरबंद कर दिया है। आप की ओर से यहां तक कहा गया कि किसानों के आंदोलन के कारण यह कार्रवाई दिल्ली पुलिस की ओर से करवाई गई है।

इस पर दिल्ली के राजनेताओं ने खूब बयानबाजी की। सोशल मीडिया पर भी यह चर्चा होती रही। मुख्यमंत्री के कई कार्यक्रम रद्द किए जाने की भी चर्चा हुई।

दूसरी ओर दिल्ली पुलिस ने ऐसी किसी घटना से इंकार किया। उत्तरी दिल्ली के डीसीपी अंटो अल्फोंस ने आप के आरोपों को नकारते हुए कहा है कि मुख्यमंत्री के घर के बाहर तैनात पुलिस और बैरिकेडिंग सामान्य रूप से होने वाली सुरक्षा व्यवस्था के तहत किया गया है, ताकि आम आदमी पार्टी और अन्य पार्टियों में कोई झड़प न हो। मुख्यमंत्री को घर में नजरबंद नहीं किया गया है।