फिल्मकार राहुल रवैल कोविड से संक्रमित, मायानगरी मुंबई का हाल है बुरा

मुंबई में कोरोना अपने पूरे शबाव पर दिख रहा है। आम लोग, बॉलीवुड से जुड़े लोग और सरकार के मंत्री और विधायक कोरोना संक्रमित हो रहे हैं। ताजा नाम फिल्मकार राहुल रवेल का है। इससे पहले कई नामचीन हीरो-हीरोइन भी कोरोना की चपेट में आ चुके हैं।

मुंबईं। कोरोना की तीसरी लहर से मायानगरी मुंबई और बॉलीवुड की दुनिया बुरी तरह से चपेट में है। मुंबई में क्या आम और क्या ,खास। हर कोई कोरोना के डर के साये में जी रहा है। जानेमाने फिल्मकार राहुल रवैल कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए हैं और घर पर पृथकवास में हैं। रवैल ‘बेताब’ और ‘अर्जुन’ जैसी फिल्मों के निर्देशन के लिए जाने जाते हैं। ऐसी खबरें हैं कि निर्देशक (70) पिछले सप्ताह संक्रमित हो गए और अब स्वस्थ हो रहे हैं। संपर्क करने पर रवैल ने भी इसकी पुष्टि की।

हाल में मृणाल ठाकुर, नोरा फतेही, निर्माता रिया कपूर और उनके पति करण बोलानी भी संक्रमित पाए गए थे। पिछले महीने उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने रवैल की किताब ‘राज कपूर: द मास्टर एट वर्क’ का नयी दिल्ली में विमोचन किया था।

बता दें कि महाराष्ट्र सरकार के मंत्रियों को भी कोरोना अपनी चपेट में ले रहा है। महाराष्ट्र के डेप्युटी सीएम अजित पवार ने बताया है कि राज्य के 10 मंत्री अब तक कोविड पॉजिटिव हो चुके हैं। वहीं मुंबई में ऐक्टिव केस का आंकड़ा 20 हजार के पार चला गया है। ऐसे में महाराष्ट्र में पाबंदियां बढ़ सकती हैं।

अजित पवार ने कहा, मंत्रियों के अलावा राज्य के 20 से अधिक विधायक भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। उन्होंने कहा कि अगर राज्य में इसी तरह से कोरोना के मरीज बढ़ते गए तो राज्य सरकार सूबे में और अधिक पाबंदियां लगा सकती है। बता दें कि महाराष्ट्र के नगर विकास राज्यमंत्री प्राजक्त तनपुरे, ट्राइबल डेवलपमेंट मिनिस्टर केसी पाडवी, शिक्षा मंत्री वर्षा गायकवाड़, बालासाहेब थोराट और यशोमति ठाकुर समेत कुल 10 मंत्री कोरोना पॉजिटिव हो चुके हैं।