नहीं रहे जापान के पूर्व पीएम शिंजो आबे, पीएम मोदी सहित दुनिया के नेता दे रहे हैं श्रद्धांजलि

जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे की मृत्यु हो गई है। कथित तौर पर उन्हें क्योटो के पास नारा शहर में शुक्रवार को एक भाषण के दौरान गोली मार दी गई थी।

नई दिल्ली। जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे की मौत हो गई है। आज सुबह ही जापा के नारा शहर में 41 वर्षीय हमलावर ने उन पर दो गोलियां चलाई थीं। उस समय शिंजो आबे भाषण दे रहे थे। वहां से उन्हें एयरलिफ्ट करके अस्पताल ले जाया गया। जहां कुछ घंटे बाद उनके मृत्यु की खबर सामने आईं।

इस खबर के बाद दुनिया भर के नेताओं द्वार शोक संवदेना प्रकट की जा रही है। भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपना शोक प्रकट किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर कहा, “मैं अपने सबसे प्यारे दोस्तों में से एक शिंजो आबे के दुखद निधन पर स्तब्ध और दुखी हूं। श्री आबे भारत-जापान संबंधों को एक विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी के स्तर तक ले जाने में बहुत बड़ा योगदान दिया। आज पूरा भारत जापान के साथ शोक मनाता है और हम इस कठिन क्षण में अपने जापानी भाइयों और बहनों के साथ एकजुटता से खड़े हैं। ”

पूर्व प्रधानमंत्री और कांग्रेस नेता डॉ मनमोहन सिंह ने शिंजो आबे को लगी गोली पर गहरा दुख जताया है और कहा है कि, ”मेरे दोस्त पूर्व प्रधानमंत्री आबे पर हुए दुखद हमले से गहरा सदमा लगा. मेरी प्रार्थनाएं उनके और परिवार के साथ हैं”

जापानी मीडिया से मिल रही रिपोर्ट्स के मुताबिक, 67 साल के शिंजो आबे पर एक अज्ञात शख्स ने जानलेवा हमला किया, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। चीफ कैबिनेट सेक्रेटरी हिरोकाजू मातसुनो के मुताबिक आज सुबह करीब 11.30 बजे नारा शहर में उनपर गोली चलाई गई। जब ये घटना हुई तो शिंजो आबे भाषण दे रहे थे। जापान की सरकारी मीडिया एनएचके ने हमले की फूटेज जारी की है।

भारतीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी दुख प्रकट किया है। जापान के पूर्व पीएम शिंजो आबे के निधन पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत ने एक करीबी दोस्त खो दिया है जिसने भारत और जापान के बीच द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने की दिशा में काम किया।

दूसरी ओर, चायनीज विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने शुक्रवार को बीजिंग में एक दैनिक ब्रीफिंग में कहा कि चीन पूर्व जापानी प्रधान मंत्री शिंजो आबे की शूटिंग से स्तब्ध है और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करता है और उम्मीद करता है कि वह खतरे से बाहर हो जाएंगे और जल्द ही ठीक हो जाएंगे।

न्यूजीलैंड की प्रधानमंत्री जैसिंडा अर्डर्न, जो शुक्रवार को सिडनी में अल्बनीज़ के साथ बैठक कर रही थीं, उन्होंने कहा कि, शिंजो आबे को गोली मारे जाने की खबर “गहरा सदमा” देने वाली है। उन्होंने कहा कि, “जब मैं प्रधानमंत्री बनी तो वह उन पहले नेताओं में से एक थे जिनसे मैं औपचारिक रूप से मिली थी। वह अपनी भूमिका के लिए गहराई से प्रतिबद्ध थे, और उदार और दयालु भी थे। मुझे याद है कि जब मैं उनसे मिली थी, तो उन्होंने हमारे पालतू जानवर के हाल के नुकसान के बाद पूछा था। मेरे विचार उनकी पत्नी और जापान के लोगों के साथ हैं। इस तरह की घटनाएं हम सभी को अंदर तक झकझोर देती हैं।”