नई दिल्ली। पूर्व प्रधानमंत्री एवं कांग्रेस नेता मनमोहन सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर तीखा हमला करते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पिछले सात साल से अधिक समय से सत्ता में हैं, लेकिन लोगों की समस्याओं के लिए वह अब भी देश को पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू को दोषी ठहरा रही है।
पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए 20 फरवरी को होने वाले मतदान से पहले सिंह ने पंजाबी भाषा में एक वीडियो संदेश में कहा, ‘‘एक ओर देश महंगाई और बेरोजगारी की समस्या से जूझ रहा है, तो दूसरी ओर पिछले साढ़े सात साल से सत्ता पर काबिज मौजूदा सरकार अपनी गलतियां स्वीकार करने और सुधार करने के बजाय, लोगों की समस्याओं के लिए अब भी देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू को दोषी ठहरा रही है।’’
पंजाब की जनता के नाम पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी का संदेश। pic.twitter.com/Bof5UiNASy
— Youth Congress (@IYC) February 17, 2022
कांग्रेस ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में इस वीडियो संदेश को दिखाया। सिंह ने कहा, ‘‘कुछ दिन पहले प्रधानमंत्री की सुरक्षा के नाम पर (पंजाब के) मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और राज्य के लोगों को बदनाम करने की कोशिश की गई।’’ उन्होंने कहा, ‘‘किसान आंदोलन के दौरान भी पंजाब और पंजाबियत को बदनाम करने का प्रयास किया गया।’’
सिंह ने कहा कि दुनिया पंजाब के लोगों की बहादुरी, देशभक्ति और बलिदान को सलाम करती है, लेकिन राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार इस बारे में बात नहीं करती। उन्होंने कहा, ‘‘पंजाब से संबंध रखने वाला एक सच्चा भारतीय होने के नाते, ये सभी बातें मुझे बहुत दुखी करती हैं।’’