नहीं रहे यूपी के पूर्व सीएम कल्याण सिंह, 89 साल की उम्र में ली अंतिम सांस

35 वर्ष की उम्र में पहली बार विधायक बनने के बाद राजनीति की सीढ़ी पर कभी मुड़कर नहीं देखा। रामजन्मभूमि आंदोलन और राममंदिर के लिए मुख्यमंत्री की कुर्सी तक छोड़ दिए थे कल्याण सिंह। जनसंघ से भाजपा में उनके कई अनुयायी है। उनके निधन से भाजपा में शोक की लहर दौड गई है।

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता, उत्त्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह नहीं रहे। लखनऊ के पीजीआई अस्पताल में उन्होंने शनिवार देर शाम अंतिम सांस ली। यहां वे कई महीनों से बीमार थे। उन्हें सांस और सीने में तकलीफ के बाद भर्ती कराया गया था। उनके इलाज आदि की व्यवस्था मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं अपनी निगरानी में करवा रहे थे। सीएम योगी, गृहमंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत कई नेताओं ने समय-समय पर पीजीआई जाकर उनका हालचाल लिया था।
यूपी के पूर्व सीएम कल्याण सिंह के निधन पर उत्तर प्रदेश में राजकीय शोक की घोषणा की गई है। उत्तर प्रदेश में सोमवार को सावर्जनिक अवकाश घोषित कर दिया गया है।

पूर्व सीएम कल्याण सिंह के निधन के बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कल्याण सिंह दो महीने से अस्वस्थ थे। उन्होंने आज रात सवा नौ बजे आखिरी सांस ली। हम सभी दुखी है। मैं दिवंगत आत्मा के लिए शांति की कामना करता हूं। प्रदेश में तीन दिन का शोक है। 23 तारीख को नरौरा में गंगा तट पर उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। 23 अगस्त को प्रदेश के अंदर सार्वजनिक अवकाश घोषित रहेगा ताकि हर व्यक्ति उनको श्रद्धाजंलि दे सकें।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे व्यक्तिगत क्षति भी माना है।

केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अपने शोक संवेदना में कहा है कि कल्याण सिंह जी के निधन से मैंने अपना बड़ा भाई और साथी खोया है। उनके निधन से आई रिक्तता की भरपाई लगभग असम्भव है। ईश्वर उनके शोक संतप्त परिवार को दुःख की इस कठिन घड़ी में धैर्य और संबल प्रदान करे। जनसंघ के समय से ही उन्होंने भाजपा को मज़बूत बनाने और समाज के हर वर्ग तक पहुँचाने के लिए कड़ी मेहनत की। श्रीरामजन्मभूमि आंदोलन में भी उनकी महती भूमिका के लिए उन्हें यह देश हमेशा याद रखेगा। उनका निधन भारतीय राजनीति के लिए बड़ी क्षति है और मेरे लिए तो यह बहुत ही पीड़ादायक क्षण है।

लोकसभा के अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि कल्याण सिंह जी के निधन से आज हमने एक ऐसा विराट व्यक्तित्व खो दिया जिसने अपने राजनीतिक कौशल, प्रशासकीय अनुभव और विकासोन्मुखी दृष्टिकोण से राष्ट्रीय स्तर पर एक अमिट छाप छोड़ी। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें।

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने शोक प्रकट करते हुए कहा कि हमारे वरिष्ठ नेता कल्याण सिंह जी के निधन का समाचार सुनकर अत्यंत व्यथित हूं। जनसंघ और भाजपा को उत्तर प्रदेश में खड़ा करने में कल्याण सिंह जी का सबसे महत्वपूर्ण योगदान रहा है।