FIR on BJP Rally : कोविड काल में भाजपा की क्यों हो रही है रैली, लगातार हो रहे हैं एफआईर दर्ज

केंद्र सरकार के मंत्री और भाजपा नेता लगातार कोविड प्रोटोकॉल की बात करते हैं। अब ये मंत्री और नेता ही कोविड नियमों का उल्लंघन करते दिख रहे हैं। केवल मुंबई पुलिस ने अब तक इनके खिलाफ 36 एफआईआर दर्ज की है।

नई दिल्ली। देश में कोरोना संक्रमण के दैनिक मामले कम होने से स्वास्थ्य क्षेत्र में काम कर रहे लोगों के लिए राहत की बात है, लेकिन दूसरी ओर भाजपा की जन आशीर्वाद यात्रा को लेकर कई प्रकार के सवाल उठाए जा रहे हैं। कोरोना महामारी के दौर में आखिर भाजपा को क्या जरूरत आन पड़ी कि भीड़ को इकट्ठा करके साथ जाया जा रहा है। कई राज्यों में कोविड प्रोटोकॉल उल्लंघन के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।

मुंबई पुलिस ने भाजपा की जन आशीर्वाद यात्रा के खिलाफ COVID-19 प्रोटोकॉल के उल्लंघन के लिए 17 और FIR दर्ज़ की हैं। अब तक कुल 36 FIR दर्ज़ की जा चुकी हैं। कई दूसरे राज्यों में भी इस यात्रा के खिलाफ पुलिस में शिकायत की गई है। कई राज्यों के मंत्रियों ने भी कहा है कि भारतीय जनता पार्टी को अपनी इस यात्रा को रोकनी चाहिए।

राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि कोरोना के दूसरी लहर में जिस प्रकार से देश में पूरी व्यवस्था चरमरा गई। हजारों लोगों की जान गई। लाखों लोग ऑक्सीजन के लिए तड़पते दिखे, उससे सरकार की छवि को धक्का लगा है। अब देश में कोविड वैक्सीन के कई विकल्प हैं, तो केंद्र सरकार और भाजपा को लगता है कि वह अपनी मार्केटिंग कर लें। इसी सोच के तहत भाजपा ने पूरे देश में जन आशीर्वाद यात्रा आयोजित की है।

हम देश में कोरोना संक्रमण की बात करें, तो शनिवार को केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से बताया गया कि आज सुबह सात बजे तक की अस्थायी रिपोर्ट के अनुसार पिछले 24 घंटों में 36,36,043 लोगों का टीकाकरण करने से भारत में कोविड-19 टीकाकरण का कुल कवरेज 57.61 (57,61,17,350) करोड़ के पार पहुंच गया है। टीकाकरण का यह लक्ष्य 64,01,385 सत्रों के जरिये प्राप्त किया गया है। पिछले 24 घंटों में 36,347 कोरोना संक्रमित रोगियों के ठीक होने से कुल ठीक होने वाले रोगियों (महामारी की शुरुआत के बाद से) की संख्या बढ़कर 3,15,97,982 हो गई है। रिकवरी दर 97.54 प्रतिशत पर पहुंची गई है जो मार्च, 2020 के बाद से अपने उच्च्तम स्तर पर है।