Good News : कोरोना के खिलाफ जंग में सरकार की नई घोषणा, दो नई वैक्सीन को दी मंजूरी

कॉर्बेवैक्स  वैक्सीन भारत का पहला स्वदेशी रूप से विकसित RBD प्रोटीन सब-यूनिट वैक्सीन है। इसे हैदराबाद स्थित फर्म बायोलॉजिकल-ई में बनाया गया है। वहीं, कोवोवैक्स का निर्माण पुणे स्थित फर्म सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया द्वारा किया जाएगा।

नई दिल्ली। कोरोना के खिलाफ जंग में भारत सरकार की ओर से मंगलवार को नई घोषणा की गई है। दो नई वैक्सीन और एक एंटी वायरल दवा को मंजूरी दी गई है। इसकी जानकारी केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से दी गई है। केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (सीडीएससीओ) ने दो वैक्सीन CORBEVAX वैक्सीन और COVOVAX वैक्सीन को मंजूरी दी है। वहीं सीडीएससीओ ने कोरोना की एंटी-वायरल दवा मोलनुपिरवीर को भी आपातकालीन उपयोग के लिए मंजूरी दी है।

स्वास्थ्य मंत्री डॉ मनसुख मंडाविया ने कहा, ”प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोविड-19 के खिलाफ लड़ाई का नेतृत्व सामने से किया है। इन सभी मंजूरियों से कोरोना महामारी के खिलाफ वैश्विक लड़ाई को और मजबूती मिलेगी। हमारे फार्मा उद्योग पूरी दुनिया के लिए संपत्ति हैं। सर्वे भवन्तु सुखः सेवा सन्तु निरमयाः।”

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने इसकी जानकारी अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर दी है। उन्होंने कहा है कि CORBEVAX वैक्सीन भारत का पहला स्वदेशी रूप से विकसित आरबीडी (RBD) प्रोटीन सब-यूनिट वैक्सीन है। कोरोना के CORBEVAX वैक्सीन को हैदराबाद स्थित फर्म बायोलॉजिकल-ई द्वारा बनाया गया है। वहीं COVOVAX वैक्सीन का निर्माण पुणे स्थित फर्म सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया द्वारा किया जाएगा। ये एक नैनोपार्टिकल वैक्सीन है।