हाथरस : सत्संग के दौरान भगदड़, 40 से ज्यादा लोगों की मौत

हाथरस से बड़ी खबर है। यहां भोले बाबा के सत्संग के दौरान भगदड़ मच गई।

हाथरस। हाथरस से बड़ी खबर है। यहां भोले बाबा के सत्संग के दौरान भगदड़ मच गई। इसमें 48 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई। 150 से अधिक भक्त घायल हैं। इनमें कई की हालत गंभीर हैं। मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। प्रदेश में हुई इस बड़ी घटना को लेकर सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी संज्ञान लिया है।

एटा सीएमओ उमेश त्रिपाठी ने बताया कि हाथरस से अब तक 27 शव आ चुके हैं। इनमें 25 महिलाएं और 2 पुरुष हैं। बाकी शव सीएचसी सिंकदराराऊ में हैं। वहां करीब 150 से ज्यादा लोग एडमिट हैं। शवों के पंचनामा की प्रक्रिया चल रही है। फिर पोस्टमॉर्टम किया जाएगा।

हादसे के बाद हालात भयावह हो गए। जैसे-तैसे घायलों और मृतकों को बस-टैंपों में लादकर जिला अस्पताल ले जाया गया। सीएम योगी ने एडीजी आगरा और कमिश्नर को अलीगढ़ पहुंचने के आदेश दिए हैं। डीएम और एसपी मौके पर पहुंच गए हैं। सत्संग में 15 हजार से अधिक लोग आए थे।

जानकारी सामने आई है कि महीने की शुरुआत के पहले मंगलवार को सत्संग होता है। इस सत्संग में राजस्थान, मध्यप्रदेश, हरियाणा सहित कई राज्यों के लोग आए थे। भीड़ का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि वाहनों की संख्या तीन किलोमीटर तक फैली हुई थी। इस बीच जो लोग इस सत्संग में शामिल होने गए थे और भगदड़ का शिकार हुए हैं उन्होंने बताया कि मौके पर कैसे मंजर था। एक युवती ने बताया कि सत्संग में बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ी हुई थी। सत्संग समाप्त हुआ उसके बाद लोग वहां से जाने लगे। इसी दौरान निकलने की जल्दी में भगदड़ मच गई। लोग एक दूसरे को देख ही नहीं रहे थे। महिलाएं और बच्चे गिरते चले गए। भीड़ उनके ऊपर से दौड़ रही थी। कोई बचाने वाला नहीं था। चारों ओर चीख पुकार मची हुई थी।