Himachal CM : क्या बदले जाएंगे हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ?

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर दिल्ली आते हैं। हिमाचल सदन में रूकते हैं और बात होती है कि उनकी कुर्सी जाने वाली है। वैसे, सीएम जयराम ठाकुर ने अभी ऐसी किसी भी संभावना से इंकार कर दिया है।

नई दिल्ली। पहले उत्तराखंड और उसके बाद गुजरात में भारतीय जनता पार्टी ने अपने मुख्यमंत्री को बदल दिया है। अब बारी हरियाणा, मध्य प्रदेश और हिमाचल प्रदेश की है। मंगलवार की सुबह जैसे ही अचानक से हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर दिल्ली आए, सियासी गलियारों में हवाएं इशारे कर रही हैं कि भाजपा रणनीतिकार हिमाचल को लेकर निर्णय लेने वाले हैं।
वैसे, इस बात को लेकर जब हिमाचल प्रदेश सदन में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से बात की गई, तो उन्होंने ऐसी किसी संभावना से साफ इंकार कर दिया है। उन्होंने कहा कि मैं संगठन के निर्धारित बैठक में हिस्सा लेने आया हूं। ये बैठक आज नहीं 20 दिन पहले ही तय हुई थी।
वैसे, भाजपा के सांगठनिक सूत्र बता रहे हैं कि जिन राज्यों भाजपा सत्ता में है और वहां आने वाले समय में विधानसभा चुनाव होने वाला है, पार्टी किसी भी तरह की चूक नहीं होने देना चाहती है। भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व चाहे या ना चाहे, संघ की जमीनी रिपोर्ट उसे हलकान कर रही है। हाल के दिनों में कई प्रशासनिक खामियां और शिकायतों की सूचना केंद्रीय नेतृत्व के पास आया है। कुछ दिन पहले भी मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर दिल्ली आए थे। कई केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात की थी। पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा से भी आशीर्वाद लिया है।
भाजपा सूत्रों का कहना है कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर जिस सांगठनिक बैठक में आने की बात कर रहे हैं, उसी बैठक में उनसे पूरे कार्यों की समीक्षा और आगे की रणनीति पर बात की जाएगी। पार्टी के संगठन महासचिव बीएल संतोष को उसके बाद रिपोर्ट देने की बात कही गई है। सूत्रों का कहना है कि हिमाचल प्रदेश से भाजपा संगठन और संघ की रिपोर्ट पहले ही दिल्ली आ चुकी है। उसके बाद जयराम ठाकुर को दिल्ली तलब किया गया है।