वरिष्ठ आईपीएस मकवाना होंगे मप्र के 32वें डीजीपी, आधी रात को जारी हुए आदेश

 

भोपाल। राज्य शासन द्वारा भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के 1988 बैच के अधिकारी कैलाश मकवाना को मध्य प्रदेश का नया डीजीपी (पुलिस महानिदेशक) नियुक्त किया गया है। शनिवार देर रात गृह विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी किया है।

वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी कैलाश मकवाना वर्तमान में मप्र पुलिस हाउसिंग कार्पोरेशन के अध्यक्ष हैं। वे मध्य प्रदेश के 32वें डीजीपी होंगे। आदेश के मुताबिक, मकवाना आगामी एक दिसंबर को प्रदेश के नए पुलिस मुखिया के रूप में पदभार ग्रहण करेंगे। वे वर्तमान डीजीपी सुधीर सक्सेना की जगह लेंगे। मकवाना दिसंबर 2025 में रिटायर होंगे। दरअसल, वर्तमान डीजीपी सुधीर सक्सेना 30 नवंबर 2024 को सेवानिवृत्त हो रहे हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज यूके और जर्मनी की छह दिवसीय यात्रा पर रवाना हो रहे हैं। संभावना है कि मुख्यमंत्री के विदेश दौरे से लौटने के बाद ही कैलाश मकवाना विधिवत पदभार ग्रहण करें। कैलाश मकवाना पूर्ववर्ती शिवराज सिंह चौहान सरकार के कार्यकाल में लोकायुक्त के डीजी थे। हालांकि, वे छह महीने ही इस पद पर रहे, लेकिन उन्होंने लोकायुक्त में डीजी बनते ही भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई में तेजी ला दी थी।