नई दिल्ली। ‘कांटा लगा’ फेम अभिनेत्री और मॉडल शेफाली जरीवाला का 42 वर्ष की उम्र में अचानक निधन हो गया है। उनके निधन की खबर से बॉलीवुड और टीवी इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है। शेफाली की मौत के पीछे ‘लो ब्लड प्रेशर’ और कार्डियक अरेस्ट को संभावित कारण माना जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, निधन के दिन वह उपवास पर थीं और उसी दौरान उनकी तबीयत बिगड़ी।
बेहोश होकर गिरीं थीं शेफाली
परिजनों के मुताबिक, शेफाली जरीवाला ने मध्यान्ह तक कुछ भी नहीं खाया था और उपवास पर थीं। उन्हें अचानक चक्कर आया और वह बेहोश होकर गिर पड़ीं। तत्काल उन्हें मुंबई के बेलेव्यू मल्टीस्पेशियलिटी हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
कार्डियक अरेस्ट की आशंका
डॉक्टर्स की शुरुआती राय के अनुसार, लो बीपी और कार्डियक अरेस्ट शेफाली की मौत का प्रमुख कारण हो सकते हैं। हालांकि, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार है।
आरती सिंह ने दी श्रद्धांजलि
टीवी अभिनेत्री आरती सिंह ने सोशल मीडिया पर शोक व्यक्त करते हुए कहा, “शेफाली बेहद प्यारी इंसान थीं। पराग उन्हें बहुत दुलारते थे। वह हर बात का ध्यान रखते थे। यह खबर दिल दहला देने वाली है।”
पति पराग त्यागी सदमे में
शेफाली के पति पराग त्यागी इस खबर से पूरी तरह टूट गए हैं। सूत्रों के अनुसार, वह अंतिम समय में भी उनके साथ थे और अस्पताल ले जाने वालों में शामिल थे।
फैंस कर रहे हैं सोशल मीडिया पर शोक व्यक्त:
शेफाली की मौत की खबर सुनकर प्रशंसकों ने ट्विटर, इंस्टाग्राम जैसे प्लेटफॉर्म पर उन्हें श्रद्धांजलि दी है। कई लोगों ने लिखा – “कांटा लगा गर्ल चली गई, पर यादें हमेशा रहेंगी।”
शेफाली का करियर और पहचान
2002 में सुपरहिट म्यूजिक वीडियो ‘कांटा लगा’ से मशहूर हुईं शेफाली जरीवाला ने ‘बिग बॉस 13’ सहित कई टीवी शो और फिल्मों में हिस्सा लिया। उनका ग्लैमरस अंदाज और डांसिंग स्टाइल युवाओं में खासा लोकप्रिय था।