UP Assembly Election 2022 : सीएम योगी ने गोरखपुर से भरा नामांकन, साथ रहे केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह

आज विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है, उनको तो लगता है कोरोना के कारण सभाएं सीमित हो गई हैं, लोगों के बीच जाना नहीं पड़ रहा है। मैं उनसे कहना चाहता हूं कि भैया जो प्रचार करना है कर लो, उत्तर प्रदेश की जनता भाजपा के साथ है, भाजपा को फिर से 300 के पार सीटें मिलने वाली हैं।

गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने जीवन का पहला विधानसभा चुनाव लड़ने जा रहे हैं। उन्होंने गोरखपुर शहर विधानसभा से चुनाव का पर्चा दाखिल किया है। जब वह जिला कार्यालय में नामांकन पत्र दाखिल कर रहे थे, उस समय उनके साथ केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह भी मौजूद रहे।

इससे पहले गोरखुपर में एक जनसभा आयोजित की गई। उस सभा में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि मैं यह बात गर्व के साथ कह सकता हूं कि योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश को माफिया मुक्त कर दिया है। उत्तर प्रदेश में 25 वर्ष बाद योगी आदित्यनाथ ने कानून का राज कायम कराया है। 2014,2017 और 2019 तीनों चुनाव में प्रदेश की जनता ने मोदी जी के नेतृत्व में यूपी के विकास का रास्ता तैयार कर प्रचंड बहुमत दिया। आज योगी जी के नामांकन भरने के साथ ही फिर से एक बार BJP यहां से 300 पार के संकल्प के साथ प्रदेश में आगे बढ़ रही है।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि सीएम योगी के नामांकन में गोरखपुर से सहारनपुर तक आवाज जानी चाहिए कि भाजपा इस बार 300 सीटें पार कर रही है। इससे पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान गोरखपुर के महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज में आयोजित जनसभा में शामिल हुए।

सबसे पहले शुक्रवार की सुबह सीएम योगी आदित्यनाथ गोरक्षपीठ पहुंचे। वहां विशेष पूजा अर्चना किया। माता के सामने हवन आदि किया। उसके बाद अपने गुरू की भी पूजा अर्चना की। उस समय उनके साथ उत्तर प्रदेश भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह साथ रहे।