UP Politics : अखिलेश यादव ने किया पलटवार, भाजपा से हो चुकी राज्य की जनता परेशान

पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव तमाम सभाओं में अपनी पार्टी का एजेंडा और राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की नाकामियों को गिना रहे हैं। उनका कहना है कि जनता आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा को वोट नहीं देगी।

नई दिल्ली। समाजवादी पार्टी के नेता और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का कहना है कि 2022 में बदलाव होना है, जनता बदलाव चाहती है। भाजपा ने पिछले साढ़े चार साल में अपना संकल्प पत्र पलट कर नहीं देखा। भाजपा उन कानूनों को लागू करना चाहती है जिनके बाद किसानों के खेत छीन जाएंगे, उन ​कानूनों के खिलाफ कई किसानों की जान जा चुकी है।

बीते समय से अखिलेश यादव लगातार राज्य सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर सियासी हमला कर रहे हैं। उनका कहना है कि राज्य में कानून व्यवस्था का हाल बेहाल है। जनता परेशान है, इसलिए जनता बदलाव का मूड बना चुकी है।

कुशीनगर में मीडिया से बात करते हुए अखिलेश यादव ने यह भी कहा कि सरकार ने उत्तर प्रदेश में किसानों के आंदोलन को कुचलने का काम किया, कहीं ऐसा हो सकता है कि अन्नदाता को जीप के टायर से कुचल दें? इसके बाद कानून कुचल रहे थे, इन्हें अगर और मौका मिल गया तो हो सकता है कि ये संविधान को भी कुचल दें। ये वही बाबा CM (योगी आदित्यनाथ) हैं जिन्होंने कहा था कि हमारी सरकार बनेगी तो लैपटॉप बांटेंगे और अब कह रहे हैं कि टैबलेट देंगे। जो बाबा CM लैपटॉप चलना नहीं जानता वो लैपटॉप भी नहीं बांटेगा। लैपटॉप के साथ-साथ उन्हें स्मार्टफोन भी चलाना नहीं आता है।