UPSC Result 2020 : बिहार के शुभम ने मारी बाजी, यूपीएससी में किया टॉप

बिहार के कोशी का इलाका है कटिहार। कटिहार के लाल शुभम कुमार ने यूपीएसी की सिविल सेवा में टॉप किया है। पूरे देश में खुशी का माहौल है। लोग उन्हें शुभकामनाएं दे रहे हैं।

नई दिल्ली। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) सिविल सेवा की परीक्षा का परिणाम शुक्रवार को जारी कर दिया गया। बिहार के शुभम कुमार ने टॉप किया है। उनकी इस उपलब्धि पर उनके परिवार सहित बिहार के लोगों में बेहद उत्साह है। बिहार के उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद, केंद्रीय राज्यमंत्री अश्विनी चौबे, बिहार सरकार के मंत्री मंगल पाण्डे आदि कई गणमान्य लोगों ने शुभम की उपलब्धि पर बधाई दी है और इसे बिहार के लिए गौरव बताया है।
UPSC सिविल सेवा परीक्षा में शुभम कुमार के टॉप करने पर पुणे में शुभम के दोस्तों ने जश्न मनाया। शुभम ने कहा, “मैं 2018 से तैयारी कर रहा हूं और रिजल्ट देखने के बाद मुझे बहुत अच्छा लगा और आगे जहां भी मैं काम करूंगा, वहां अपनी पूरी क्षमता के साथ काम करूंगा।”
बता दें कि शुभम कुमार ने पहला स्थान हासिल किया है। उन्होंने आईआईटी बॉम्बे से बीटेक (सिविल इंजीनियरिंग) में स्नातक किया है। जागृति अवस्थी ओवरऑल सेकेंड रैंक हासिल करने वाली महिला उम्मीदवारों में टॉपर हैं। उन्होंने MANIT भोपाल से बीटेक (इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग) में स्नातक किया है।
यूपीएससी परीक्षा 2020 फाइनल रिजल्ट में कुल 761 अभ्यर्थियों को नियुक्ति के लिए रिकमन्ड किया गया है। देश की इस प्रतिष्ठित परीक्षा में शुभम कुमार (Roll No. 1519294) ने प्रथम स्थान हासिल किया है। शुभम ने एंथ्रोपोलॉजी वैकल्पिक विषय से परीक्षा दी थी। उन्होंने आईआईटी बॉम्बे से सिविल इंजीनियरिंग में बीटेक की डिग्री हासिल करने के बाद यूपीएससी की परीक्षा दी है। महिला अभ्यर्थियों में जागृति अवस्थी (Roll No. 0415262) टॉपर हैं, जबकि ओवरऑल में इन्हें सेकंड रैंक प्राप्त हुई है। उन्होंने वैकल्पिक विषय के रूप में समाजशास्त्र को चुना था।