बिहार के चुनावी समर में गरजे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

हम राम-राम और जयश्री राम बोलते हैं, लेकिन देश के खिलाफ साजिश करने वालों का राम नाम सत्य भी करते हैंः योगी

 

औरंगाबाद। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को बिहार के चुनावी समर में उतर गए। कड़ी धूप में भी अन्य राज्यों की भांति यहां भी उन्हें देखने-सुनने बड़ी संख्या आमजन पहुंचे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बिहार में पहली विजय संकल्प रैली औरंगाबाद लोकसभा क्षेत्र में की। यहां से भाजपा उम्मीदवार सुशील कुमार सिंह के पक्ष में उन्होंने कमल खिलाने की अपील की। एक तरफ सीएम योगी ने एनडीए गठबंधन के विकास कार्यों को रखा तो दूसरी तरफ कांग्रेस व राजद पर काफी हमलावर रहे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राजद से कोई उम्मीद न कीजिए। यह चुनाव नेशन फर्स्ट व फैमिली फर्स्ट का है। अच्छा हुआ कि एनडीए को बिहार में और सशक्त बनाने में हमें सफलता प्राप्त हुई। बिहार में लालू जी के परिवार के लिए ही सीट कम पड़ रही थी। यह परिवार तक ही सीमित हो गए। परिवार के बाहर सोच है ही नहीं। विकास भी परिवार का, सीट भी परिवार को, योजनाओं का लाभ भी परिवार को ही मिलना है। एक परिवार बिहार और एक परिवार यूपी में है। यूपी की जनता उन्हें जवाब दे चुकी है, अब बिहार के लोगों को जवाब देने के लिए तैयार होना है। जातिवादी ताकतों को नकार दें।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पांच सौ वर्षों का इंतजार समाप्त हुआ। अयोध्या धाम में प्रभु श्रीरामलला विराजमान हुए तो बिहार के अंदर भी उत्साह और उमंग था। बिहारवासियों ने जो उपहार भेजे थे। उसके लिए बिहारवासियों का आभार प्रकट करता हूं। यूपी व बिहार का चोली-दामन का संबंध है। यह अलग होने वाला नहीं है। हम सीताराम बोलते हैं। पहले मां सीता, फिर श्रीराम का नाम लेते हैं। यह दोनों राज्यों के संबंध को जोड़कर एक भारत, श्रेष्ठ भारत के अभियान को बढ़ाता है।

सीएम ने कहा कि भाजपा से अधिक आस्था का सम्मान कोई नहीं कर सकता। काशी विश्वनाथ, अयोध्या धाम व मां विंध्यवासिनी दरबार में जाकर कार्य देखिए। नए उप्र व बिहार के लिए मोदी की गारंटी ही उत्थान की गारंटी है। औरंगाबाद के लोग भी विंध्यवासिनी धाम को नए रूप में देख रहे हैं। आज बासंतिक नवरात्रि की सप्तमी तिथि है। महाकाली की पूजा होती है। विंध्यवासिनी धाम में आज लाखों श्रद्धालु दर्शन करने पहुंचे हैं। गलियारा इतना चौड़ा बन गया है कि एक-दो लाख नहीं, 10 लाख लोग भी एक साथ आ जाएंगे तो समस्या नहीं होगी। पहले काशी में 10 लोग एक साथ दर्शन नहीं कर सकते थे, आज पांच-छह लाख श्रद्धालु एक साथ भी भगवान विश्वनाथ के दर्शन कर सकते हैं।

सीएम योगी ने कहा कि भाजपा ने संकल्प पत्र में विकसित भारत की बात कही है। विकसित भारत मतलब विकसित बिहार भी है। धारा-370 लगाकर कांग्रेस ने शेष भारत के नागरिकों के कश्मीर जाने को प्रतिबंधित कर दिया था। भारतीय जनसंघ और भाजपा हमेशा नारा लगाती थी कि जहां हुए बलिदान मुखर्जी, वह कश्मीर हमारा है। उस सपने को भी पीएम मोदी ने साकार किया है। धारा-370 समाप्त कर कश्मीर को भारत की मुख्यधारा से जोड़ा गया। काफी हद तक नक्सलवाद समाप्त हो गया, जो बचे-खुचे हैं, पांच वर्ष में उनका भी स्वाहा हो जाएगा।

सीएम योगी ने कहा कि 50 करोड़ लोगों के जनधन अकाउंट खोल दिए गए, जिससे दिल्ली से सरकार कोई पैसा भेजती है तो सीधे अकाउंट में जाए। बीच में कोई दलाल डकैती न डालने पाए। पीएम आवास योजना में चार करोड़ लोगों को पक्का मकान दिया गया है। हम लालू जी से कहेंगे, आप संख्या बढ़ाइए। मोदी जी फ्री में मकान दे ही रहे हैं। अगले पांच वर्ष में तीन करोड़ और आवास देंगे। यूपी व बिहार को इसका सर्वाधिक लाभ भी मिलेगा।