हर दिन 604 भारतीय छोड़ रहे हैं नागरिकता : कांग्रेस

नई दिल्ली। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि देश के 604 लोग हर दिन नागरिकता छोड़ रहे हैं। ये ऐसे नागरिक हैं, जिनकी आमदनी वर्ष में आठ करोड़ से अधिक है।
कांग्रेस प्रवक्ता गौरव वल्लभ ने मंगलवार को पार्टी मुख्यालय में आयोजित एक प्रेसवार्ता के दौरान कहा कि अमृतकाल में 604 भारतीय हर दिन देश छोड़ रहे हैं। यह ठीक नहीं है। इसके कारणों को समझने की जरूरत है।
गौरव ने कहा कि जिस तरह से भारतीय नागरिक देश की नागरिकता छोड़ रहे हैं उससे तो यही लगता है कि अच्छे दिन भारत नहीं बल्कि दूसरे देशों में आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोग देश में बढ़ती बेरोजगारी, लो जीडीपी ग्रोथ आदि कारणों के चलते देश छोड़ने को मजबूर हो रहे हैं।

गौरव ने कहा कि देश में गरीबी बढ़ रही है। ग्लोबल हंगर इंडेक्स में भारत का 107वां स्थान है। ग्लोबल जेंडर गैप इंडेक्स में 135वां स्थान, ग्लोबल प्रेस फ्रीडम इंडेक्स में देश का 150वां स्थान है। सरकार को इन बातों पर गौर करना चाहिए।