नई दिल्ली। आज गोवा और उत्तराखंड विधानसभा के लिए सवेरे से ही वोटिंग जारी है। मतदान के लिए लोगों की भीड़ सवेरे से ही मतदान केंद्रों पर देखी जा रही है। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए भी आज मतदान हो रहा है। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मैं सभी लोगों से अपील करता हूं कि घरों से बाहर आएं और वोटिंग के सभी पुराने रिकॉर्ड तोड़ दीजिए। हम आश्वत है कि इस बार राज्य की जनता हमें 60 से ज़्यादा सीटें देकर आशीर्वाद देगी।
गोवा के मुख्य चुनाव अधिकारी कुणाल की ओर से कहा गया है कि गोवा में चुनाव शांतिपूर्वक और उत्साहवर्धक तरीके से हो रहा है, अब तक 11.04% मतदान हुआ है। किसी-किसी विधानसभा में मतदान 14% तक भी पहुंचा है। इस बार हम रिकॉर्ड तोड़ मतदान की उम्मीद कर रहे हैं।
गोवा में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान चल रहा है। कांग्रेस नेता माइकल लोबो ने कहा, “मनोहर पर्रिकर ने कहा था कि जब तक मैं जिंदा हूं, मैं अपने बेटे(उत्पल पर्रिकर) को राजनीति में नहीं लाऊंगा। अगर वे आएंगे तो अपने बलबूते पर आएंगे। अगर वे जीते (उत्पल पर्रिकर) तो हम उनसे बात करेंगे।”
गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा कि कांग्रेस नेता माइकल लोबो और उत्पल पर्रिकर दोनों ही चुनाव नहीं जीतेंगे। नीश्चित रूप से भाजपा की सरकार बन रही है। सरकार बनाने के लिए हमें किसी के साथ बात करने की ज़रुरत नहीं पड़ेगी। हमें पूरी बहुमत की सरकार मिलेगी।
वहीं, उत्तर प्रदेश के अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी बीडी राम तिवारी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में दूसरे चरण में 55 विधानसभा सीटों के लिए 7 बजे से 9 बजे तक 9.45% मतदान हुआ है। सभी जगहों पर मतदान शांति और निष्पक्षता के साथ हो रहा है। जिन जगहों पर EVM खराब होने की सूचना मिली थी वहां पर EVM को बदल दिया गया है।
शाहजहांपुर में भाजपा नेता जितिन प्रसाद ने मतदान केंद्र पहुंचकर अपना मतदान दिया। उन्होंने कहा, “मैं विश्वास के साथ कह सकता हूं कि राज्य में भाजपा की 300 से ज़्यादा सीटें आएंगी। शाहजहांपुर में इस बार भाजपा को 6 में से 6 सीटें मिलेंगी।















