बाढ़ से बिहार बेहाल, अब नाव में बैठकर जायजा ले रहे हैं मुख्यमंत्री और मंत्री

हर साल की तरह इस साल भी बिहार बेहाल है। बाढ़ ने तबाही मचाई है। कई नदियां विकराल रूप में है। नेता-मंत्री क्षेत्र का दौरा कर रहे हैं। अब तो सीएम नीतीश कुमार भी मिथिलांचल में नाव की सवारी करके बाढ़ का जायजा ले रहे हैं।

दरभंगा। बिहार का मिथिला क्षेत्र शुरू से ही बाढ़ प्रभावित रहा है। नेपाल की नदी से पानी आती है और पूरे मिथिलांचल को डुबो जाती है। हर साल सरकारी स्तर पर वादे किए जाते हैं, लेकिन दशकों बाद भी इसका स्थायी समाधान नहीं निकलता है। राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इस साल कई क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण कर चुके हैं। मिथिला में आने पर वे नाव में बैठकर बाढ़ की विभिषिका को देखते हैं।

दरभंगा में पत्रकारों से बात करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने के लिए क्या किया जा रहा है, प्रतिदिन इसका आकलन करते हैं और अनेक जगह खुद जाकर भी देखते हैं। इसीलिए यहां आए हैं। यहां हमेशा 6 महीने क्षेत्र पानी से प्रभावित रहता है, इसके लिए काम करने की बात हो रही है।

वहीं, राज्य के जलसंसाधन मंत्री संजय झा ने अपने सोशल मीडिया अकांउट ट्विटर पर नाव की सवारी का तस्वीर पोस्ट किया और लिखा कि बाढ़ प्रभावित लोगों के बीच नाव से पहुंचे मुख्यमंत्री। माननीय सीएम श्री Nitish Kumar ने आज #दरभंगा और #मधुबनी जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण किया और कुशेश्वरस्थान प्रखंड में पानी से घिरे गांवों में बोट से जाकर प्रभावित परिवारों का हाल जाना। इस दौरान उनके साथ रहा।

बता दें कि राज्य के जलसंसाधन मंत्री संजय झा मिथिला क्षेत्र से ही आते हैं। मिथिला के लोगों का कहना है कि राज्य सरकार यदि चाहे तो बाढ़ की विभिषिका को कम कर सकती है, लेकिन सरकार की ईच्छाशक्ति ही नहीं है।