क्या कुछ बड़ा होने वाला है? पीएम मोदी रात 8 बजे राष्ट्र को करेंगे संबोधित, ऑपरेशन सिंदूर के बीच बढ़ी हलचल

 

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज रात 8 बजे राष्ट्र को संबोधित करेंगे। यह संबोधन ऐसे समय में हो रहा है जब भारत द्वारा शुरू किए गए ऑपरेशन सिंदूर को लेकर देश और दुनिया की निगाहें टिकी हुई हैं।

बताया जा रहा है कि भारत और पाकिस्तान के बीच ज़मीन, हवा और समुद्र में सैन्य हमले रोकने पर आपसी सहमति बन गई है, जो कि एक संभावित युद्धविराम की ओर इशारा कर रही है। यह घटनाक्रम उस आतंकी हमले के बाद सामने आया है, जिसमें पहलगाम में निर्दोष नागरिकों की जान गई और जिसके जवाब में भारत ने ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया था।

भारतीय सशस्त्र बलों ने स्पष्ट किया है कि वे पूरी तरह युद्ध के लिए तैयार हैं और भारत की सुरक्षा और संप्रभुता पर किसी भी खतरे का मुंहतोड़ जवाब देंगे। वायु सेना ने पाकिस्तान द्वारा इस्तेमाल किए गए चीन निर्मित पीएल-15 मिसाइल और तुर्की निर्मित ड्रोन YIHA और सोंगर का मलबा भी प्रस्तुत किया है।

एयर मार्शल एके भारती ने कहा कि हमारे सभी सैन्य अड्डे पूरी तरह सुरक्षित हैं और भारतीय वायु रक्षा प्रणाली, विशेष रूप से स्वदेशी ‘आकाश’ प्रणाली, ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। नौसेना और थलसेना भी पूरी तरह सतर्क हैं।

प्रधानमंत्री का यह संबोधन ऐसे माहौल में हो रहा है जब राष्ट्र के सामने कई सामरिक और सुरक्षा संबंधी चुनौतियां हैं। अब सबकी निगाहें रात 8 बजे होने वाले इस संबोधन पर टिकी हैं — क्या पीएम मोदी कोई बड़ा निर्णय या घोषणा करने जा रहे हैं?