पटना। बिहार विधानसभा का मानसून सत्र चल रहा है। मुख्यमंत्री नीतीश सरकार को विपक्ष के सवालों का जवाब देना भारी पड़ रहा है। सदन में मुख्य विपक्षी दल राजद लगातार राज्य में बढ़ते अपराध, कोरोना की तैयारी, स्वास्थ्य व्यवस्था, महंगाई आदि के मुद्दे पर सरकार को घेर रही है।
शुक्रवार को नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने अपने कुछ विधायकों के साथ विधानसभा में मुख्यमंत्री कक्ष में नीतीश कुमार से मुलाकात की। राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव और तेज प्रताप यादव जाति आधारित जनगणना पर चर्चा करने के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिलने विधानसभा पहुंचे। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव का कहना है कि हमारी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से जाति आधारित जनगणना के विषय पर बातचीत हुई। इस तरह की मतगणना हो जाने से उनके जनकल्याण के लिए बजट में प्रावधान रखे जा सकेंगे। ये जानकारी ना केवल सरकारों को बल्कि लोगों को भी होनी चाहिए कि आखिर उनकी जाति की कितनी आबादी है।
बिहार के कटिहार में मेयर की हत्या पर RJD नेता तेजस्वी यादव का कहना है कि बिहार में हर दिन सैकड़ों हत्याएं, दुष्कर्म, अपहरण और लूटपाट की घटनाएं हो रही हैं। बिहार में महाजंगलराज कायम हो चुका है। बिहार में पुलिस का भी एनकाउंटर हो रहा है और यह आश्चर्यजनक है कि मेयर की हत्या हो गई।
बिहार के कटिहार में मेयर की हत्या पर भाजपा सांसद सुशील कुमार मोदी का कहना है कि दूसरे राज्यों की तुलना में बिहार में क़ानून व्यवस्था बहुत अच्छी स्थिति में है। कोई भी अपराधी बचकर नहीं जाएगा। यह RJD का ज़माना नहीं है। अगले 1-2 दिन में अपराधी पकड़े जाएंगे।
इस संबंध में एडीजी पटना जितेंद्र कुमार ने कहा कि कल रात 9:15 बजे कटिहार में मेयर पासवान की हत्या हुई है उनके भाई के बयान पर 11 नामजद अभियुक्तों और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज़ किया गया है और इसमें 4 अभियुक्तों की गिरफ्तारी भी हो गई है। अन्य अभियुक्तों के लिए सर्च जारी है।





















