नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम के उपचनुाव में भाजपा को करारी शिकस्त मिली है। पांच सीटों पर हुए निगम उपचुनाव में उसे एक सीट भी नहीं मिली है। चार सीटों पर आम आदमी पार्टी ने कब्जा किया है, वहीं एक सीट कांग्रेस के खाते में गई है। इस जीत से जहां आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं में काफी खुशी है। दिल्ली नगर निगम उपचुनाव में 5 में से 4 सीटें जीतने पर आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पार्टी कार्यालय में जश्न मनाया। वहीं, प्रदेश भाजपा को इस चुनाव परिणाम पर मंथन करना होगा। कांग्रेस को एक नई उम्मीद दिखी है।
दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने कहा कि 5 में से 4 सीटें मिलना बहुत बड़ी जीत है। बीजेपी के 15 साल के शासन से दिल्ली की जनता तंग आ चुकी है और चाहती है कि झाड़ू लगाकर बीजेपी को नगर निगम से पूरी तरह साफ कर दिया जाए। अगले साल होने वाले नगर निगम चुनावों में भी बीजेपी का सूपड़ा साफ होगा।
एमसीडी उपचुनाव में 5 में से 4 सीटें जीतने पर आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई.
बीजेपी के शासन से दिल्ली की जनता अब दुखी हो चुकी है. अगले साल होने वाले MCD चुनाव में जनता @ArvindKejriwal जी की ईमानदार और काम करने वाली राजनीति को लेकर आएगी
— Manish Sisodia (@msisodia) March 3, 2021
दिल्ली सरकार के मंत्री और आम आदमी पार्टी के नेता गोपाल राय ने कहा कि दिल्ली नगर निगम में लंबे समय से भाजपा के पार्षदों द्वारा भ्रष्टाचार किया गया। पिछले 5 साल में जिस तरह से उनका निकम्मापन सामने आया है। दिल्ली की जनता ने एक बड़ा संदेश दिया है वह दिल्ली नगर निगम में भी बदलाव चाहती है। आम आदमी पार्टी के नेता गोपाल राय
बता दें कि बुधवार सुबह शुरू हुई मतगणना में शुरु से ही चार वॉर्ड पर आम आदमी पार्टी (आप) के उम्मीदवार आगे चल रहे थे। हालांकि, बाद में नतीजे भी ऐसे ही रहे। शालीमार बाग नॉर्थ, कल्याणपुरी, त्रिलोकपुरी और रोहिणी-सी वॉर्ड में आम आदमी पार्टी के प्रत्याशियों की जीत हुई है, जबकि चौहान बांगर क्षेत्र से कांग्रेस ने बाजी मारी है। त्रिलोकपुरी से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार विजय कुमार ने अपने प्रतिद्वंदी भाजपा उम्मीदवार ओम प्रकाश को 4986 वोटों के अंतर से हरा दिया है।वहीं, रोहिणी से आप उम्मीदवार राम चंदर ने भाजपा के राकेश को 2985 वोटों से हराया है। इसके अलावा, शालीमार बाग से आप कैंडिडेट सुनीता मिश्रा ने भाजपा की सुरभि राजू को 2705 वोटों के अंतर से राया है। वहीं, कल्याणपुरी में आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार धीरेंद्र कुमार ने भाजपा के सियाराम को 7043 वोटों के अंतर से हराया है।
दिल्ली के लोगों ने एक बार फिर से काम के नाम पर वोट दिया। सबको बधाई।
MCD में 15 साल के भाजपा के कुशासन से जनता परेशान हो चुकी है। लोग अब MCD में भी आम आदमी पार्टी की सरकार बनाने के लिए बेताब हैं। https://t.co/aIKthb13q2
— Arvind Kejriwal (@ArvindKejriwal) March 3, 2021
इस चुनाव परिणाम का दूरगामी असर देखें, तो अगले साल होने वाले दिल्ली नगर निगम के चुनावों को लेकर भाजपा को नई रणनीति पर काम करना होगा। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता के लिए यह बडी चुनौती है। आम जनता भी यह मानती है कि बीते दो दशक से दिल्ली नगर निगम भ्रष्टाचार का पर्याय बन चुकी और यहां इतने समय से भाजपा ही सत्ता में है। वहीं, आम आदमी पार्टी के लिए यह उत्साह का समय है। यदि वह इस गति को बरकरार रखती है, तो अगले साल चुनाव में उसे काफी लाभ हो सकता है। सच तो यह भी है कि हाल के दिनों में कांग्रेस को दिल्ली की राजनीति मेें एक तरह से धकिया दिया गया था, लेकिन उपचनुाव में एक सीट हासिल करके मानो उसे नई संजीवनी मिल गई है।