भाजपा ने शुरू की जन आशीर्वाद यात्रा, मायावती ने उठाए सवाल

कोरोना के दौर में सार्वजनिक आयोजनों को लेकर कई तरह की पाबंदियां रही हैं। भाजपा ने जन आशीर्वाद यात्रा शुरू की है। केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने हिस्सा लिया। बसपा नेता मायावती ने कोरोना प्रोटोकॉल को लेकर सवाल किया है।

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी की ओर से जन आशीर्वाद यात्रा की शुरुआत की गई। केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने इसे रवाना किया। कई लोग इसका स्वागत कर रहे हैं, वहीं कुछ राजनीतिक दलों ने इसको लेकर सवाल करना शुरू कर दिया है। बसपा की सुप्रीमो मायावती ने भी सवाल किया है।

सोमवार को केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने फतेह नगर गुरुद्वारा में मत्था टेकने के बाद ‘आशीर्वाद यात्रा’ को रवाना किया। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी ने कहा कि आशीर्वाद यात्रा शुरू होने से पहले मैं मत्था टेकने इसलिए आया हूं क्योंकि हमारे गुरुओं के आशीर्वाद से हम ये शुरू करेंगे। दिल्ली के बहनों और भाइयों से मिल रहे अपार प्रेम एवं सम्मान के लिए हार्दिक आभार। जोश से भरे पार्टी के सभी कर्मठ कार्यकर्ताओं का अभिनंदन।

वहीं, उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और बसपा सुप्रीमो मायावती ने कहा कि भाजपा ने आज से अपनी जन आशीर्वाद यात्रा शुरू की है, बेहतर होता अगर पार्टी अपनी इस यात्रा को बाढ़ पीड़ित मदद यात्रा के रूप में निकालती। कोरोना के दौरान भाजपा की जन आशीर्वाद यात्रा में सरकार कोरोना नियमों को कितना निभा पाएगी, ये ​देखने की बात है। जब से उत्तर प्रदेश में बीएसपी के तत्वाधान में प्रबुद्ध वर्ग के कार्यक्रम हो रहे हैं, तब से भाजपा को काफी बौखलाहट हो रही है। भाजपा बाढ़ की आड़ में भी घिनौनी राजनीति कर रही है। केवल हवाई दौरा करने से बाढ़ पीड़ितों की समस्या हल होने वाली नहीं है।