फारबिसगंज (अररिया, बिहार)। अररिया जिले के फारबिसगंज थाना क्षेत्र में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने रिलेक्सो कंपनी के नाम पर बेचे जा रहे नकली चप्पल-जूतों का बड़ा जखीरा जब्त किया है। यह कार्रवाई आईडियल आईपीआर प्रोटक्शन एजेंसी की सूचना पर की गई, जिसने रिलेक्सो फुटवियर प्राइवेट लिमिटेड के ब्रांड ‘स्पार्क’ के नाम पर बाजार में बिक रहे नकली उत्पादों का खुलासा किया।
रिलेक्सो कंपनी की ओर से नकली सामानों की जांच और पुष्टि की जिम्मेदारी आईडियल आईपीआर प्रोटक्शन एजेंसी को दी गई थी। एजेंसी ने अपने अनुभवी जांचकर्ताओं को फारबिसगंज भेजा, जहां जांच में कंपनी को मिली शिकायतें सही पाई गईं। इसके बाद एजेंसी ने फारबिसगंज थाना पुलिस को सूचना दी, जिसके आधार पर छापेमारी की गई।
फारबिसगंज थाना क्षेत्र में चिन्हित दुकानों और कुछ मकानों पर छापेमारी की गई। पुलिस को इन स्थानों से रिलेक्सो ब्रांड के नाम पर बनाए गए लाखों रुपये मूल्य के नकली चप्पल-जूते और संबंधित सामग्रियां बरामद हुईं।
इस कार्रवाई में फारबिसगंज थाना के पुलिस अपर निरीक्षक अमित राज एवं आकाश कुमार, सशस्त्र बल के कॉन्स्टेबल सुबोध कुमार मंडल, दिलीप कुमार चौधरी और दिनेश कुमार मंडल ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। छापेमारी को गोपनीय ढंग से अंजाम दिया गया जिससे नकली सामान बेचने वालों को कोई भनक न लगे।
रिलेक्सो जैसी प्रतिष्ठित कंपनियों के नाम पर नकली माल का कारोबार उपभोक्ताओं को धोखा देने के साथ-साथ ब्रांड की साख को भी नुकसान पहुंचाता है। इस कार्रवाई से संकेत मिलता है कि ब्रांड संरक्षण को लेकर कंपनियां और एजेंसियां अब पहले से ज्यादा सतर्क हैं।















